देहरादून। उत्तराखंड सरकार के ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम को लेकर राजधानी की पुलिस हाई अलर्ट पर है। परेड ग्राउंड में होने वाले भारी जमावड़े को देखते हुए एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह ने नया रूट प्लान जारी किया है। इस दौरान शहर के मुख्य हिस्सों में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए आउटर और इनर घेरेबंदी की गई है।
प्रमुख रूटों के लिए तय किए गए रास्ते
मसूरी और राजपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन मसूरी डाइवर्जन से होते हुए सर्वे चौक और कान्वेंट तिराहा पहुंचेंगे। यहां यात्रियों को ड्रॉप करने के बाद वाहनों को बन्नू स्कूल में पार्क किया जाएगा। विकासनगर और चकराता से आने वाले ट्रैफिक को बल्लूपुर, बिंदाल और घंटाघर होते हुए लैंसडाउन चौक पर ड्रॉपिंग पॉइंट दिया गया है। इन वाहनों की पार्किंग भी बन्नू स्कूल में ही होगी।
आईएसबीटी और ऋषिकेश-रुड़की मार्ग
आईएसबीटी और कारगी की तरफ से आने वाले वाहनों को धर्मपुर और बुद्धा चौक की ओर भेजा जाएगा। इनके लिए रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। डोईवाला और रिस्पना की ओर से आने वाले वाहन सीएमआई और बुद्धा चौक होते हुए लैंसडाउन चौक पहुंचेंगे। रायपुर और सहस्त्रधारा रोड के ट्रैफिक को सर्वे चौक से कान्वेंट तिराहा की ओर मोड़ा गया है।
विक्रम और सिटी बसों पर पाबंदी

शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले विक्रमों के लिए सख्त डायवर्जन लागू है। रायपुर रूट के विक्रम सहस्त्रधारा क्रासिंग से वापस होंगे, जबकि आईएसबीटी और कांवली रूट के विक्रम रेलवे गेट से आगे नहीं जा सकेंगे। सिटी बसों को दर्शन लाल चौक से घंटाघर की ओर भेजा जाएगा, जबकि रायपुर की बसें आईटी पार्क और राजपुर रोड होकर चलेंगी।
सुरक्षा और बैरियर व्यवस्था
परेड ग्राउंड के चारों ओर 9 बैरियर पॉइंट बनाए गए हैं। ईसी रोड, सर्वे चौक और दर्शन लाल चौक जैसे इलाकों में आउटर बैरियर होंगे, जबकि कनक चौक और लैंसडाउन चौक पर इनर बैरियर लगाए गए हैं। वीवीआईपी और पासधारकों के अलावा किसी भी वाहन को इनर सर्कल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। आम जनता को निर्धारित ड्रॉप पॉइंट से पैदल ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना होगा।










