home ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम मनोरंजन बिजनेस ऑटो गैजेट्स खेल हेल्थ लाइफस्टाइल धर्म राशिफल लव राशिफल अंक राशिफल पंचांग करियर ट्रेंडिंग वीडियो

सावधान! दून की सड़कों पर अब रात में हुड़दंग किया तो कॉलेज से होंगे सस्पेंड

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर शुरू हुए 'ऑपरेशन नाइट वॉच' के तहत पुलिस ने रात में हुड़दंग करने वाले 71 लोगों को गिरफ्तार कर दर्जनों वाहन सीज किए हैं। अब रात में बेवजह घूमने या अपराध करने वाले छात्रों को सीधे कॉलेज से निष्कासित (Restigate) करने की तैयारी है।

सावधान! दून की सड़कों पर अब रात में हुड़दंग किया तो कॉलेज से होंगे सस्पेंड

HIGHLIGHTS

  • 2 दिन के भीतर शराब पीकर वाहन चलाने वाले 71 लोग गिरफ्तार, 71 गाड़ियां सीज।
  • 1900 से अधिक लोगों से पूछताछ और 156 संदिग्धों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
  • हुड़दंग करने वाले छात्रों पर नकेल, दोषी पाए जाने पर यूनिवर्सिटी से होगा सीधा निष्कासन।

देहरादून। राजधानी की सड़कों पर रात के अंधेरे में रसूख और रफ्तार का प्रदर्शन करने वाले हुड़दंगियों के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले भर में ‘ऑपरेशन नाइट वॉच’ की शुरुआत की गई है, जिसका सीधा मकसद शिक्षण संस्थानों के नाम पर शहर का माहौल खराब करने वाले युवकों पर नकेल कसना है। पिछले 48 घंटों के भीतर पुलिस ने इस अभियान के तहत ताबड़तोड़ छापेमारी और चेकिंग कर हड़कंप मचा दिया है।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने साफ कर दिया है कि यूनिवर्सिटी या कॉलेज में पढ़ाई के नाम पर रात में गुटबाजी या अपराध करने वाले किसी भी युवक को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब केवल चालान या गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि संबंधित शिक्षण संस्थान को रिपोर्ट भेजकर छात्र का निष्कासन (Restigation) भी सुनिश्चित कराएगी। यह कदम उन छात्रों के लिए बड़ी चेतावनी है जो ग्रुप बनाकर सड़कों पर स्टंट या हुड़दंग करते हैं।

अभियान के शुरुआती 2 दिनों के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। पुलिस ने शहर से लेकर देहात तक के सभी थाना क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर चेकिंग की, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले 71 व्यक्तियों को रंगे हाथों पकड़कर गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 21 चौपहिया और 50 दोपहिया वाहनों को तुरंत सीज कर दिया गया। इसके अलावा, रसूख दिखाने के लिए गाड़ियों में अवैध रूप से हूटर लगाने और शीशों पर काली फिल्म चढ़ाने वाले 12 अन्य वाहनों पर भी जब्ती की कार्रवाई की गई है।

पुलिस की टीमों ने रात के सन्नाटे में बेवजह घूम रहे 1900 से ज्यादा लोगों को रोककर उनसे कड़ी पूछताछ की। इस दौरान 2600 से अधिक वाहनों की तलाशी ली गई। जो लोग संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए या संदिग्ध नजर आए, उनमें से 156 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थानों में बिठाया गया। सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान 99 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत कार्रवाई की गई, जिनसे 49,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 98 अन्य चालकों के विरुद्ध चालान काटकर 38,500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है, जबकि 21 गंभीर मामलों के चालान कोर्ट भेजे गए हैं। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि चेकिंग के स्थान लगातार बदलते रहें ताकि अराजक तत्वों को पुलिस की लोकेशन का पता न चल सके। शहर के बाहरी रास्तों और बॉर्डर चेक पोस्टों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।


देश और दुनिया की ताज़ा ख़बरों (Latest Hindi News) के लिए जुड़े रहें Doon Horizon के साथ। राजनीति (Politics), खेल, मनोरंजन, टेक्नोलॉजी और एजुकेशन से जुड़े हर लाइव अपडेट (Live Updates) और ब्रेकिंग न्यूज़ (Breaking News in Hindi) सबसे पहले पाएं। पढ़िए आपके काम की हर बड़ी खबर, सिर्फ एक क्लिक पर।


Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment