देहरादून। राजधानी में अपराधियों और संदिग्ध तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसपी के निर्देश पर ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ तेज कर दिया गया है। दून पुलिस की अलग-अलग टीमों ने बुधवार को नगर और देहात के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ मोर्चा संभालते हुए सत्यापन अभियान चलाया।
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई का मुख्य केंद्र कबाड़ का काम करने वाले व्यक्ति और उनकी दुकानों में कार्यरत कर्मचारी रहे। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 293 व्यक्तियों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की और उनके पूर्ववृत्त खंगाले।
प्रशासनिक सख्ती का आलम यह रहा कि जिन 56 मालिकों ने अपनी दुकानों में काम करने वाले बाहरी व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया था, उनके खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने इन डिफॉल्टर्स पर कुल 5 लाख 60 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना ठोंका है।
इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक मर्यादा और नियमों का उल्लंघन करने वाले 49 अन्य व्यक्तियों का पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान किया गया। इनसे मौके पर ही 13 हजार रुपये का नकद जुर्माना वसूला गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा ताकि बाहरी राज्यों से आने वाले संदिग्धों की पहचान की जा सके।









