home ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम मनोरंजन बिजनेस ऑटो गैजेट्स खेल हेल्थ लाइफस्टाइल धर्म राशिफल लव राशिफल अंक राशिफल पंचांग करियर ट्रेंडिंग वीडियो

देहरादून में गैस सिलेंडर के लिए अब नहीं लगेगी लाइन, प्रशासन की नई ओटीपी व्यवस्था से घर पर मिलेगी गैस

देहरादून जिला प्रशासन ने एलपीजी वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए ओटीपी आधारित होम डिलीवरी व्यवस्था अनिवार्य कर दी है। नगर मजिस्ट्रेट और एसडीएम ने विभिन्न एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों और बुकिंग प्रक्रिया की समीक्षा की।

देहरादून में गैस सिलेंडर के लिए अब नहीं लगेगी लाइन, प्रशासन की नई ओटीपी व्यवस्था से घर पर मिलेगी गैस

HIGHLIGHTS

  • उपभोक्ताओं को घर पर सिलेंडर प्राप्त होने के बाद ही डिलीवरी मैन को ओटीपी साझा करना होगा।
  • गैस एजेंसियों को गोदामों से सीधा वितरण बंद कर शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश।
  • सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण गलत मैसेज पाने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता पर गैस मिलेगी।

देहरादून। राजधानी में एलपीजी गैस की किल्लत और वितरण में होने वाली धांधली को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने ‘ओटीपी आधारित होम डिलीवरी’ व्यवस्था को सख्ती से लागू कर दिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के आदेश पर प्रशासन की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) ने शहर की प्रमुख गैस एजेंसियों पर औचक छापेमारी की। इस नई व्यवस्था का सीधा असर धरातल पर दिखने लगा है और एजेंसियों के बाहर लगने वाली लंबी कतारें अब गायब हो गई हैं।

नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह और एसडीएम सदर हरी गिरी ने डालनवाला स्थित हिमानी गैस एजेंसी सहित बद्रीपुर की आधुनिक और अरविंद गैस एजेंसियों का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर का वितरण अब केवल घरों पर होगा और गोदामों से सीधे वितरण पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने परिसर में बुकिंग के लिए उपलब्ध व्हाट्सएप नंबर, वेबसाइट और पोर्टल की जानकारी वाले बड़े फ्लेक्स बोर्ड लगाएं ताकि लोग डिजिटल माध्यमों का अधिक उपयोग करें।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन उपभोक्ताओं की सूची की भी जांच की, जिन्हें तकनीकी गड़बड़ी के कारण डिलीवरी के गलत संदेश प्राप्त हुए थे। प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए हैं कि ऐसे प्रभावित उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं। किसी भी प्रकार की अनियमितता या उपभोक्ताओं से अभद्रता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि जब तक डिलीवरी मैन सिलेंडर लेकर घर न पहुंच जाए, तब तक उसे ओटीपी (OTP) साझा न करें। यह कदम ब्लैक मार्केटिंग को रोकने और यह सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है कि सिलेंडर केवल पंजीकृत उपभोक्ता तक ही पहुंचे। प्रशासन की इस सक्रियता से शहर की गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारू होने के साथ ही बिचौलियों की भूमिका भी समाप्त हो गई है।


देश और दुनिया की ताज़ा ख़बरों (Latest Hindi News) के लिए जुड़े रहें Doon Horizon के साथ। राजनीति (Politics), खेल, मनोरंजन, टेक्नोलॉजी और एजुकेशन से जुड़े हर लाइव अपडेट (Live Updates) और ब्रेकिंग न्यूज़ (Breaking News in Hindi) सबसे पहले पाएं। पढ़िए आपके काम की हर बड़ी खबर, सिर्फ एक क्लिक पर।


Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment