देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने सीमांत जनपदों में कनेक्टिविटी सुधारने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमुनोत्री विधानसभा के अंतर्गत आने वाले चिन्यालीसौड़ विकासखंड की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं को हरी झंडी दिखा दी है। दीवारोंखाल से जोखनी और बणगांव-चोपड़ा-कसलाना मोटर मार्ग के निर्माण के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है।
इन सड़कों की मंजूरी मिलने के बाद भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर सीएम का आभार जताया। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए मील का पत्थर बताया है। मनवीर चौहान ने कहा कि इन मार्गों के बनने से दशगी, हातड़ और बिष्ट पट्टी के गांवों का सीधा संपर्क जौनपुर और जौनसार के दूरस्थ इलाकों से हो जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि राज्य के हर गांव तक पक्की सड़क पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने चिन्यालीसौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और स्थानीय राजकीय महाविद्यालय के उच्चीकरण को लेकर भी ज्ञापन सौंपा, जिस पर मुख्यमंत्री ने जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का भरोसा दिया है।
सड़क निर्माण की इस पहल से न केवल स्थानीय ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा, बल्कि कृषि उत्पादों को मंडियों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रमुख शैलेंद्र सिंह कोहली, विजय बडोनी, चैन सिंह महर और जगबीर रावत सहित उत्तरकाशी जिले के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और आंदोलनकारी शामिल रहे।









