Glowing Skin Tips : अक्सर ऐसा माना जाता है कि कांच जैसी बेदाग और चमकदार स्किन (ग्लास स्किन) पाने के लिए महंगे कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स या पार्लर के ट्रीटमेंट की जरूरत होती है।
हालांकि, सच यह है कि जब तक आपकी त्वचा अंदर से स्वस्थ नहीं होगी, बाहर से लगाए गए प्रोडक्ट्स का असर बहुत कम समय के लिए ही रहेगा।
अपनी दैनिक आदतों में कुछ छोटे और सही बदलाव करके आप बिना कोई बड़ा खर्च किए प्राकृतिक रूप से साफ और ग्लोइंग त्वचा हासिल कर सकते हैं।

आइए जानते हैं उन आसान आदतों के बारे में, जिन्हें अपने डेली रूटीन का हिस्सा बनाकर आप चेहरे पर नेचुरल ग्लो ला सकते हैं।
1. भरपूर पानी पिएं, टॉक्सिन्स को बाहर निकालें
ग्लास स्किन पाने का सबसे पहला नियम शरीर को हाइड्रेट रखना है। दिनभर में कम से कम 8 से 10 गिलास पानी पीने से शरीर की गंदगी बाहर निकलती है।
जब पेट और खून साफ रहता है, तो चेहरे पर पिंपल्स और दाग-धब्बों की समस्या काफी हद तक कम हो जाती है।
2. रात को सोने से पहले डीप क्लींजिंग है जरूरी
दिनभर की धूल, मिट्टी और पसीने से चेहरे के पोर बंद हो जाते हैं। इससे बचने के लिए दिन में दो बार चेहरा धोना जरूरी है।
सुबह सामान्य पानी का इस्तेमाल करें, लेकिन रात को सोने से पहले कच्चे दूध या बेसन के घोल से सफाई करें। कच्चा दूध त्वचा की गहराई से सफाई कर उसे मुलायम बनाए रखता है।
3. एलोवेरा और नेचुरल ऑयल से दें नमी
रूखी स्किन पर ग्लो कभी लंबे समय तक नहीं टिकता। त्वचा की नमी बनाए रखने के लिए ताजा एलोवेरा जेल सबसे बेहतर विकल्प है।
रात में सोने से पहले इसे चेहरे पर हल्के हाथ से लगाएं। अगर आपकी स्किन ज्यादा ड्राई है, तो नारियल या बादाम के तेल की 2 बूंदों से हल्की मसाज कर सकते हैं।
4. 2 मिनट की मसाज से बढ़ाएं ब्लड सर्कुलेशन
चेहरे की अच्छी रंगत के लिए सही ब्लड सर्कुलेशन बहुत मायने रखता है। रात को क्लींजिंग के बाद उंगलियों के पोरों से ऊपर की दिशा में 2 से 3 मिनट तक हल्की मसाज करें। इससे चेहरे की मसल्स रिलैक्स होती हैं और स्किन टाइट नजर आती है।
5. किचन के देसी पैक से करें डीप क्लीनिंग
केमिकल वाले स्क्रब की जगह घर पर बने फेस पैक का इस्तेमाल करें। हफ्ते में एक या दो बार बेसन, चुटकी भर हल्दी और दही का पेस्ट बनाकर चेहरे पर 15 मिनट के लिए लगाएं।
बेसन गहराई से सफाई करता है, हल्दी बैक्टीरिया खत्म करती है और दही त्वचा को पोषण देती है।
6. पूरी नींद लें और खान-पान सुधारें
रात में 7 से 8 घंटे की नींद लेना बेहद जरूरी है, क्योंकि इसी दौरान स्किन सेल्स खुद को रिपेयर करते हैं। नींद पूरी न होने पर आंखों के नीचे काले घेरे और चेहरे पर सुस्ती दिखने लगती है।
इसके साथ ही ज्यादा ऑयली खाने से बचें और डाइट में खीरा, नारियल पानी व हरी सब्जियों को जगह दें।












