Blood Pressure : हाई BP या लो BP में कौन है असली 'साइलेंट किलर', जानें क्या है सच

Blood Pressure : लो ब्लड प्रेशर क्या वाकई उतना खतरनाक होता है जितना लोग सोचते हैं? जानिए डॉक्टरों की राय और समझिए हाई और लो ब्लड प्रेशर में कौन सी स्थिति है ज़्यादा जानलेवा।
Blood Pressure : हाई BP या लो BP में कौन है असली 'साइलेंट किलर', जानें क्या है सच

Blood Pressure : बहुत से लोगों को जब पता चलता है कि उनका ब्लड प्रेशर सामान्य से थोड़ा कम है, तो वह घबरा जाते हैं। उन्हें लगता है कि कहीं ये किसी गंभीर बीमारी का संकेत तो नहीं। लेकिन सच्चाई इससे थोड़ी अलग है।

अगर आपका ब्लड प्रेशर 120/80 से कम रहता है, लेकिन आप बिना किसी थकावट के सीढ़ियां चढ़ लेते हैं, घर-ऑफिस का काम बिना किसी दिक्कत के करते हैं और चक्कर या बेहोशी जैसा कुछ महसूस नहीं होता, तो चिंता की कोई बात नहीं है। ऐसे मामलों में लो बीपी शरीर की एक सामान्य स्थिति हो सकती है, न कि बीमारी।

हां, कुछ स्थितियों में लो ब्लड प्रेशर के पीछे डिहाइड्रेशन, थायरॉइड की समस्या, संक्रमण या डायबिटीज जैसी वजहें हो सकती हैं। अगर इन बीमारियों का इलाज सही से हो जाए, तो ब्लड प्रेशर भी सामान्य हो जाता है।

जब तक ब्लड प्रेशर स्थिर रहता है और शरीर को किसी तरह की तकलीफ नहीं होती, तब तक यह खतरनाक नहीं माना जाता। उल्टा, जिन लोगों का ब्लड प्रेशर सामान्य से थोड़ा कम रहता है, उन्हें हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा कम होता है।

कब खतरनाक हो सकता है लो ब्लड प्रेशर?

अगर आपको बार-बार चक्कर आते हैं, बेहोशी महसूस होती है या सांस लेने में तकलीफ होती है, तो ये संकेत हो सकते हैं कि लो बीपी आपके शरीर को नुकसान पहुंचा रहा है।

खासकर तब जब ब्लड प्रेशर अचानक गिरता है और शरीर के अहम अंगों तक ब्लड सप्लाई प्रभावित होती है, तब स्थिति गंभीर हो सकती है। लेकिन अगर यह गिरावट स्थायी नहीं है और समय-समय पर होती है, तो इसे मेडिकल गाइडेंस के साथ कंट्रोल किया जा सकता है।

हाई ब्लड प्रेशर: एक खामोश खतरा

अब बात करते हैं हाई ब्लड प्रेशर की, जो वाकई में एक ‘साइलेंट किलर’ के नाम से जाना जाता है। यह धीरे-धीरे शरीर की नसों और अंगों को नुकसान पहुंचाता है।

जब ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ा हुआ रहता है, तो दिल को ज़्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इससे दिल की धमनियां कमजोर हो जाती हैं और उनमें डैमेज होने का खतरा बढ़ जाता है। यही वजह है कि हाई बीपी के कारण हार्ट अटैक, स्ट्रोक, यहां तक कि हार्ट फेलियर जैसी गंभीर स्थितियां पैदा हो सकती हैं।

हाई बीपी को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इसका इलाज समय रहते और सही तरीके से करना बेहद ज़रूरी है, ताकि आने वाले खतरे से बचा जा सके।

क्या है ज्यादा खतरनाक – हाई या लो बीपी?

सीधी सी बात है – अगर आपके लो ब्लड प्रेशर के साथ कोई लक्षण नहीं है, तो यह आमतौर पर हानिकारक नहीं होता। लेकिन हाई ब्लड प्रेशर के मामले में यह खतरा लगातार बना रहता है, चाहे कोई लक्षण नजर आएं या नहीं। इसलिए हाई ब्लड प्रेशर को ज्यादा गंभीरता से लेने की सलाह दी जाती है।

Share this story