Beauty Tips : अगर काजल ज्यादा देर नहीं टिकता, तो ये आसान ट्रिक्स आज़माएं
Beauty Tips : अगर आपका काजल जल्दी फैल जाता है या ज्यादा देर तक नहीं टिकता, तो इन आसान ब्यूटी हैक्स को अपनाएं। जानें काजल को लॉन्ग-लास्टिंग और स्मज-प्रूफ बनाने के बेस्ट टिप्स

Beauty Tips : हम सभी के मन में ढेरों सवाल होते हैं, लेकिन कई बार सही और भरोसेमंद जवाब मिलना मुश्किल हो जाता है। इस कॉलम के जरिए हम कोशिश करते हैं कि एक्सपर्ट्स की मदद से आपके सवालों का जवाब ढूंढा जाए।
इस बार हमारी ब्यूटी एक्सपर्ट गुंजन तनेजा आपके सवालों का जवाब देंगी। तो आइए, जानते हैं उनके सुझाव और टिप्स।
काजल की खूबसूरती को कैसे बनाएं लंबे समय तक बरकरार?
कई लोगों को काजल लगाना बेहद पसंद होता है, लेकिन अगर यह कुछ ही घंटों में फैल जाए तो सारी मेहनत बेकार लगने लगती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि काजल बनाने में इस्तेमाल होने वाली चीजें नमी या तेल के संपर्क में फैल सकती हैं।
इसे रोकने के लिए सबसे पहले अच्छी क्वालिटी का काजल चुनें, जो कम फैलने वाला हो। काजल लगाने के बाद उस पर हल्का सा काला आईशैडो ब्रश से लगाएं। इससे काजल सील हो जाता है और फैलता नहीं।
इसके अलावा, काजल के ठीक नीचे फेस पाउडर की पतली परत लगाने से भी इसे फैलने से रोका जा सकता है। एक बात का ध्यान रखें कि चेहरे पर क्रीम लगाने के तुरंत बाद काजल न लगाएं, क्योंकि क्रीम की चिपचिपाहट से काजल जल्दी फैल सकता है।
अगर आप इस परेशानी का स्थायी समाधान चाहती हैं, तो कॉस्मेटिक्स की दुनिया में पिछले 20 सालों से एक बेहतरीन विकल्प मौजूद है—स्थायी काजल। यह टैटू की तरह आंखों के नीचे लगाया जाता है और करीब 10 साल तक टिका रहता है। इससे आपको बार-बार काजल लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सफर में भी त्वचा और बालों की देखभाल कैसे करें?
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कामकाजी महिलाओं के लिए ट्रैवल करना आम बात है। लेकिन इस दौरान त्वचा और बालों की देखभाल मुश्किल हो जाती है। अगर आप भी कम समय में अपनी त्वचा और बालों को स्वस्थ रखना चाहती हैं, तो कुछ आसान तरीके अपना सकती हैं।
सुबह खाली पेट रात भर भिगोए हुए बादाम और अखरोट खाएं। ये दोनों चीजें सफर में आसानी से साथ रखी जा सकती हैं। इसके अलावा मल्टीविटामिन का नियमित सेवन भी जरूरी है, इसे अपने ट्रैवल बैग में जरूर रखें।
सफर में खानपान का खास ख्याल रखें—रोटी और चावल से ज्यादा फल और सब्जियां खाएं। त्वचा को अलग-अलग मौसम और तापमान से बचाने के लिए शरीर को अंदर से मजबूत रखना जरूरी है।
अपने बैग में क्लींजर, टोनर, मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन हमेशा रखें। रात को सोने से पहले मेकअप हटाने के लिए मेकअप रिमूवर या पैड्स साथ रखें और नाइट क्रीम का इस्तेमाल करें।
चाहे आप कितनी भी थक जाएं, मेकअप हटाकर चेहरा साफ करना और नाइट क्रीम लगाना न भूलें। सुबह चेहरा क्लींजर से साफ करने के बाद टोनर, मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन लगाएं।
हर 4-5 घंटे में सनस्क्रीन दोबारा लगाना न भूलें। आजकल स्प्रे वाला सनस्क्रीन भी मिलता है, जिसे मेकअप के ऊपर भी आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।