चारधाम यात्रा के इतिहास में बना नया रिकॉर्ड : चारधाम व हेमकुंड साहिब में अब तक 33 लाख तीर्थयात्रियों ने किए दर्शन

इससे पहले 2019 में संपूर्ण यात्रा सीजन में यात्रियों की संख्या 10 लाख पहुंची थी। वही, बदरीनाथ धाम में साल 2019 में 1244100 पहुंचे थे।
चारधाम यात्रा के इतिहास में बना नया रिकॉर्ड : चारधाम व हेमकुंड साहिब में अब तक 33 लाख तीर्थयात्रियों ने किए दर्शन

चारधाम यात्रा के इतिहास में केदारनाथ धाम में तीर्थ यात्रियों का नया रिकॉर्ड बना है। चार महीने की यात्रा के दौरान 11 लाख से अधिक श्रद्घालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इससे पहले 2019 में संपूर्ण यात्रा सीजन में यात्रियों की संख्या 10 लाख पहुंची थी।

वही, बदरीनाथ धाम में साल 2019 में 1244100 पहुंचे थे। जबकि इस यात्राकाल में अभी तक धाम में 1176666 तीर्थयात्री दर्शन के लिए पहुंचे हैं। ऐसे में अब इस बार चारधाम यात्रा भी नया कीर्तिमान बनाने की ओर है।वर्ष 2019 की चारधाम यात्रा में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में कुल 34 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर रिकॉर्ड बनाया था। दो साल तक कोविड महामारी के कारण यात्रा प्रभावित रही।

इस साल यात्रा शुरू होते ही चारधामों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जिसे नियंत्रित करने के लिए सरकार को धामों में प्रतिदिन दर्शन के लिए संख्या तय करनी पड़ी। छह मई को केदारनाथ धाम के कपाट खुलते ही 20 हजार से अधिक तीर्थयात्री दर्शन को पहुंचे थे।

चार महीने में आंकड़ा 11 लाख पार कर गया, जो कि इतिहास में रिकॉर्ड बना। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड तीर्थयात्रियों के पहुंचने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सुगम चारधाम यात्रा व अतिथि देवो भव: के अनुसार तीर्थयात्रियों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।पर्यटन सचिव व उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के सीईओ सचिन कुर्वे ने कहा कि इस बार चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की संख्या नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।

चारधाम व हेमकुंड साहिब में अब तक 33 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं, जबकि सितंबर में पांच लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की यात्रा करने के लिए तीर्थयात्री और श्रद्धालु पर्यटन विभाग की वेबसाइट http://registrationandtouristcare.uk.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करें। वहीं, केदारनाथ हेली सेवा के लिए https://heliservices.uk.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग करें।

चारधाम यात्रा में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या

धाम               तीर्थ यात्रियों की संख्या
बदरीनाथ              1176666 
केदारनाथ              1100890
गंगोत्री                   506073
यमुनोत्री                394573
हेमकुंड साहिब      169085
कुल-                   3347287

Share this story