Uttarakhand News Bulletin-26 : 5 से 12 सितंबर तक जनरल बीसी जोशी स्कूल के मैदान में होगी अग्निवीर सेना भर्ती, जानिए पिथौरागढ़ की ऐसी ही तमाम छोटी बड़ी खबरें...

Uttarakhand News Bulletin-26 : From September 5 to 12, Agniveer Army recruitment will be held in the grounds of General BC Joshi School, know all such small and big news of Pithoragarh

Uttarakhand News Bulletin-26 : 5 से 12 सितंबर तक जनरल बीसी जोशी स्कूल के मैदान में होगी अग्निवीर सेना भर्ती, जानिए पिथौरागढ़ की ऐसी ही तमाम छोटी बड़ी खबरें...

पिथौरागढ़। जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल में 5 से 12 सितंबर तक अग्निवीर सेना भर्ती आयोजित की जाएगी। सितंबर माह में प्रस्तावित अग्निवीर सेना भर्ती को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।

पिथौरागढ़ में 5 से 12 सितंबर तक जनरल बीसी जोशी मैदान में अग्निवीर सेना भर्ती का आयोजन किया जाएगा। डीएम डॉ.आशीष चौहान ने बताया कि अग्निवीर भर्ती को लेकर मुख्य सचिव की ओर से भी समीक्षा बैठक की गई है।

युवाओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए अपर जिलाधिकारी को समन्वयक अधिकारी,उपजिलाधिकारी को नोडल अधिकारी व पुलिस उपाधीक्षक को कानून व्यवस्था का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

होटलों व अन्य जगहों पर युवाओं से अधिक किराया न वसूला जाए इसके लिए भी टीम बनाई जाऐंगी। कहा कि सेना के अधिकारियों के साथ भी समन्यव कर सेना भर्ती को शांतिपूर्वक संपन्न कराया जाएगा।

द्वालीसेरा में अतिक्रमण हटाने की मांग

पिथौरागढ़। वन पंचायत में अतिक्रमण करने पर ग्रामीणों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग की है। द्वालीसेरा के सरपंच गोपाल राम ने कहा कि जंगल में कई लोगों के द्वारा सरकारी जमीन पर मनमाने तरीके से अतिक्रमण किया जा रहा है। विरोध करने पर कई लोग अभद्रता कर रहे हैं। सरपंच ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

स्वास्थ विभाग में नियुक्तियों की उच्च स्तरीय जांच की मांग

पिथौरागढ़। स्वास्थ विभाग से हटाए गए कर्मियों का धरना आठवें दिन भी जारी रहा। कर्मियों ने डीएम डॉ.आशीष कुमार चौहान व सीएमओ को ज्ञापन देकर स्वास्थ विभाग में नियुक्तियों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। यहां आठवें दिन भी स्वास्थ कर्मियों का धरना जिला कार्यालय के समीप धरना स्थल में जारी रहा।

स्वास्थ कर्मियों ने कहा कि कोरोना की पहली व दूसरी लहर में उन्होंने अपना सर्वाधिक योगदान दिया। अनुबंध खत्म होने के बाद उन्हें स्वास्थ विभाग से हटा दिया पर कई कर्मियों को दूसरे विभाग में समायोजित कर दिया।

कहा कि स्वास्थ विभाग के कुछ कर्मचारी अपने चहेतों को भर्ती करने में लगे हैं। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर नियुक्ति की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इस दौरान पवन नगरकोटी, कुंडल, राजेश, मोहित, संगीता, मेघा, हेमा, स्तुति, मुन्नी, रंजना, भागीरथी, कमला शामिल रहे।

बंदर के हमले में व्यापारी घायल

पिथौरागढ़। बंदर के हमले में नगर के एक व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत है। लोगों ने वन विभाग से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

शनिवार को बस स्टैंड में अपनी दुकान में बैठे व्यापारी पप्पू खम्पा पर बंदर ने अचानक हमला बोल दिया। इस घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के व्यापारियों के चिल्लाने पर बंदर भागा। व्यापारियों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सकों के मुताबिक उनके पैर में चार टांके लगे हैं। वहीं इस घटना से क्षेत्र में दहशत है। स्थानीय व्यापारी शंकर जोशी ने कहा क्षेत्र में बंदरों का आतंक दिन-पर-दिन बढ़ रहा है। बंदर घरों में घुसकर लोगों पर हमला कर रहे हैं।

साथ ही स्कूल जाने वाले बच्चों को भी अपना निशाना बना रहे हैं। बावजूद इसके इसके आतंक से निजात दिलाने को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। उन्होंने वन विभाग से बंदरों से आतंक से निजात दिलाने को लेकर ठोस रणनीति बनाने की मांग की है।

केमएवीएन महासंघ की जिला कार्यकारणी गठित

पिथौरागढ़। संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं मंडल विकास निगम कि जनपद कार्यकारिणी का गठन महासंघ के अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी की देखरेख में किया गया। इस दौरान त्रिभुवन पुनेठा को अध्यक्ष व बलवंत सिंह रावल को महामंत्री चुना गया। यहां हुए एक कार्यक्रम में कार्यकारणी का गठन किया गया।

जिसमें सरोज कोषाध्यक्ष, वेद प्रकाश भट्ट ,चंचल सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष ,पदम सिंह उपाध्यक्ष, पुष्पा पुनेरा ,रचना को महिला उपाध्यक्ष बनाया गया। ‌‌ भगवान सिंह रावत प्रचार मंत्री, गणेश सिंह ,कौशल तिवारी ,अमित जोशी को संगठन मंत्री बनाया गया।

महासंघ के अध्यक्ष गुरुरानी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई । कहा कि सभी कर्मचारी हरेला पर्व तक एक पौधा धरती मां के नाम के तहत अपने अपने कार्यालय परिसर में पौधारोपण करें। उन्होंने कहा जल्द कर्मचारियों की लंबित नियमितीकरण की मांग को लेकर संघर्ष किया जाएगा।

इसके बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पौधारोपण किया ‌। इधर गुरुरानी ने महासंघ में केदार सिंह दानू को केंद्रीय उपाध्यक्ष नामित किया है। इससे पूर्व सभी कर्मचारियों ने 27 वीं बार महासंघ के अध्यक्ष बनने पर गुरुरानी का स्वागत किया।

बेरीनाग के समरवीर नवोदय की चयन परीक्षा में जिले में अव्वल

पिथौरागढ़। क्षेत्र के छात्र समरवीर बनकोटी ने नवोदय विद्यालय की चयन परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनके चयन से क्षेत्र में खुशी की लहर है। वे द आर्यन्स एकेडमी में पांचवी के छात्र हैं। उनके पिता डॉ. अनिल बनकोटी शिक्षक व माता ज्योति बनकोटी शिक्षिका हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर विधायक फकीर राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख विनीता बाफिला, नगर पंचायत अध्यक्ष हेम पंत, स्कूल की प्रधानाचार्य बीना माजिला, प्रबंधक हरीश माजिला, जीवन धानिक, पूरन पिष्ट सहित कई लोगों ने उन्हें शुभकामना दी है।

Share this story