Uttarakhand : भाजपा की कमान अब नए हाथों में, मदन कौशिक की जगह महेंद्र भट्ट को सौंपी प्रदेश की कमान

उत्तराखंड में भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की अटकलों के बीच शनिवार को भाजपा ने नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का एलान कर दिया। 
Uttarakhand : भाजपा की कमान अब नए हाथों में, मदन कौशिक की जगह महेंद्र भट्ट को सौंपी प्रदेश की कमान

देहरादून : उत्तराखंड में भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की अटकलों के बीच शनिवार को भाजपा ने नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का एलान कर दिया। केंद्रीय नेतृत्व ने बदरीनाथ के पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को प्रदेश की कमान सौंपी है।

दिल्ली में बुधवार को भाजपा के पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात हुई थी। इसके बाद से ही अटकलें लगाई जा रही थी कि पार्टी नया प्रदेश अध्यक्ष चुनने वाली है।

इससे पहले प्रदेश भाजपा की कमान वरिष्ठ और अनुभवी नेता मदन कौशिक के हाथों में थी। विधानसभा चुनाव के बाद से कौशिक के स्थान पर गढ़वाल मंडल के किसी ब्राह्मण नेता को संगठन की कमान सौंपे जाने की चर्चाएं  थीं। 

पार्टी को पहले स्थान पर लाएंगे - महेंद्र भट्ट

वहीं, भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है और जो अपेक्षा की गई है उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।

मुख्यमंत्री के साथ मिलकर जनता व क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हरिद्वार पंचायत चुनाव हो या फिर लोकसभा और निकाय चुनाव, पार्टी को चुनाव में पहले स्थान पर लाएंगे। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने महेंद्र भट्ट को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी हर चुनाव में आगे रहेगी। उन्हें पार्टी का लंबा अनुभवन है, निश्चित रूप से यह अनुभव पार्टी को आगे लाने में काम आएगा।

प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके स्वागत के लिए प्रदेशभर से खासकर चमोली जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे हुए थे।

कौन हैं महेंद्र भट्ट:

महेंद्र भट्ट के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर उनके गृह जनपद चमोली में खुशी की लहर है. पूर्व बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट 2022 विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के राजेंद्र भंडारी से 2047 मतों से पराजित हुए थे.

महेंद्र भट्ट पूर्व में भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं. चमोली की नंदप्रयाग विधानसभा सीट से वो विधायक रह चुके हैं. महेंद्र भट्ट, चमोली में पोखरी विकासखंड के ब्राह्मणथाला गांव के निवासी हैं.

आंदोलनकारी भी रहे हैं महेंद्र भट्ट: महेंद्र भट्ट प्रदेश की राजनीति के अलावा कई आंदोलनों में भी सक्रिय रहे हैं. उन्होंने रामजन्मभूमि आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई. इस दौरान वे 15 दिन पौड़ी के कांसखेत में जेल में रहे. वहीं, उत्तराखंड राज्य आंदोलन में पांच दिन पौड़ी जेल में रहे.

ABVP से मिली थी राष्ट्रीय पहचान: भट्ट ने 1991 से 1996 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में प्रदेश सह मंत्री, जिला संयोजक, जिला संगठन मंत्री, विभाग संगठन मंत्री का दायित्व संभाला. वे 1997 में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश सह मंत्री रहे. 1998 से 2000 में उत्तरांचल युवा मोर्चा में प्रदेश महामंत्री का दायित्व संभाला. इसके बाद 2000 से 2002 में राज्य निर्माण के समय उत्तरांचल प्रदेश युवा मोर्चा का प्रथम प्रदेश अध्यक्ष रहे.

32 साल की उम्र में जीते पहला चुनाव: 2002 से 2005 तक महेंद्र भट्ट युवा मोर्चा राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य रहे. इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी का दायित्व भी महेंद्र भट्ट ने संभाला. 32 साल की उम्र में 2002 से 2007 तक वे उत्तराखंड की प्रथम निर्वाचन में नंदप्रयाग विधानसभा से सदस्य निर्वाचित हुए और विधानमंडल में मुख्य सचेतक का दायित्व संभाला था.

2010 में बने राज्यमंत्री: 2007 से 2010 तक प्रदेश भाजपा में विभिन्न दायित्व संभालते रहे. महेंद्र भट्ट प्रदेश मंत्री, गढ़वाल संयोजक व प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रहे. 2010 से 2012 तक राज्यमंत्री का दायित्व संभाला. लघु सिंचाई अनुश्रवण समिति में उपाध्यक्ष भी रहे.

2022 का विधानसभा चुनाव हारे: 2012 से 2014 तक वे दोबारा उत्तराखंड भाजपा के गढ़वाल प्रभारी बने. 2014 से 2017 तक दोबारा भाजपा प्रदेश मंत्री बने. 2016 में कांग्रेस सरकार के खिलाफ परिवर्तन यात्रा के दौरान महेंद्र भट्ट गढ़वाल प्रभारी रहे थे. 2017 के विधानसभा चुनाव में बदरीनाथ विधानसभा सीट से विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए. हालांकि 2022 के चुनाव में उन्हें कांग्रेस के राजेंद्र भंडारी से हार का मुंह देखना पड़ा था.

ये नेता अब तक रहे प्रदेश अध्यक्ष

  • पूरन चंद शर्मा - 2000 से 2002
  • मनोहर कांत ध्यानी - 2002 से 2003 
  • भगत सिंह कोश्यारी - 2003 से 2007
  • बच्ची सिंह रावत - 2007 से 2009
  • बिशन सिंह चुफाल - 2009 से 2013 
  • तीरथ सिंह रावत - 2013 से 2015 
  • अजय भट्ट - 2015 से 2020
  • बंशीधर भगत-  2020 से 2021
  • मदन कौशिक-2021 से 2022

Share this story