Vikasnagar News Today 18th May 2023 : पढ़ें विकासनगर की दिनभर की तमाम छोटी-बड़ी खबरें

विकासनगर। विद्युत लाइनों में फॉल्ट आ जाने से बुधवार रात दो घंटे से ज्यादा क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। वहीं मध्य रात्रि से लेकर गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार घंटे आपूर्ति बाधित रही। यानी बुधवार रात से लेकर गुरुवार सुबह तक करीब साढ़े छह घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बुधवार रात सवा आठ बजे पछवादून सहित जौनसार बावर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप हो गयी थी। जो दो घण्टे बाद सुचारू हुई। यही नहीं मध्य रात्रि को तूफान चलने पर ढ़ाई बजे आपूर्ति ठप हो गई, जो सुबह साढ़े चार बजे सुचारू हुई। उसके बाद सुबह छह बजे दोबारा विद्युत आपूर्ति ठप हो गयी जो चकराता क्षेत्र में सुबह साढ़े आठ बजे सुचारू हुई जबकि त्यूणी क्षेत्र में सुबह सवा दस बजे विद्युत आपूर्ति सुचारू हुई।आपूर्ति ठप रहने से क्षेत्र के त्यूणी,सहिया, कालसी, चकराता, सावडा विद्युत गृह से जुड़े क्षेत्र के सैकड़ों गांवों कस्बो में विद्युत आपूर्ति ठप रही। विद्युत आपूर्ति ठप होने से सुबह के समय गृहिणियों और स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी हुई। स्थानीय निवासी कैंट बोर्ड के पूर्व सदस्य आनंद राणा, व्यापार मंडल अध्यक्ष केशर चौहान, नैन सिह राणा, राजेन्द्र सिह, भगत राम, मेहर सिह आदि का कहना है कि पिछले कई दिनों से चकराता में रोजाना बिजली की आंख मिचौनी का खेल चल रहा है, जिसके चलते रोजाना लोगों को परेशानी हो रही है।
भगवान की भक्ति करने वाला व्यक्ति सदैव खुश रहता है
विकासनगर। सेलाकुई दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के द्वारा सेलाकुई निगम रोड स्थित योगेश्वर वाटिका में सत्संग समागम के दूसरे दिन श्रद्धालुओ ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। साध्वी जानवी भारती ने कहा बच्चों को अच्छे संस्कार देने के साथ-साथ अच्छी बातें भी सिखानी चाहिए। भगवान का निरंतर चिंतन करना चाहिए। योगेश्वर वाटिका में सत्संग समागम में बोलते हुए साध्वी जानवी भारते ने कहा कि बच्चों में अनेकों प्रकार के गुण उत्पन्न होते हैं। भगवान की भक्ति करने वाला व्यक्ति सदैव खुश रहता है। इसी प्रकार मानव का मूल परमात्मा है। मूल से अलग होने के कारण ही वह दुखी वह परेशान रहता है। अपने मूल परमात्मा से जुड़ कर के ही वेद चिंताओं से मुक्त हो सकता है। साध्वी सुभाष भारती ने कहा भगवान के अनेकों रूप होते हैं सच्चे मन से भगवान की भक्ति करने पर भगवान अपने सेवक का ध्यान रखते हैं। कार्यक्रम में संजीत कुमार, वीर सिंह रावत, मांगेराम, जसपाल, महेंद्र, विश्वनाथ आदि मौजूद रहे।
घर में घुसकर दुराचार, मारपीट व पोक्सो एक्ट में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक महिला ने पिछले तीन वर्षों से अपनी नाबालिग बेटी के साथ लगातार दुराचार करने का एक व्यक्ति पर आरोप लगाया है। यही नहीं महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके घर में घुसकर उसकी बेटी व उसके साथ मारपीट की व उनकी लज्जा भंग की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो, घर में घुसकर दुराचार सहित विभिन्न आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है। आरोपी की तलाश में पुलिस उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है। बुधवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर महिला ने बताया कि आरोपी शाहबाज पुत्र सलीम निवासी 148 डांडा जीवनगढ़ विकासनगर पिछले तीन वर्ष से उसकी नाबालिग बेटी से दुराचार करता आ रहा है। बताया कि बीते दिन आरोपी ने उसके घर में घुसकर उसकी बेटी व उसके साथ मारपीट की। गाली गलौज देकर जान से मारने की धमकी दी। यही नहीं आरोपी ने उसके व उसकी बेटी के साथ लज्जाभंग करने का भी काम किया है। एसएसआई भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद गिरफ्तारी के लिए उसके ठिकानों पर दबिश दी जा रही हैं। बताया कि आरोपी घर से फरार चल रहा है। बतायाकि आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। दावा किया कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
पवासी महासू के जयकारे से गूंजी टोंस घाटी -----------------22
विकासनगर। ठडियार मंदिर से पवासी महासू महाराज गुरुवार को जौनसार बावर और हिमाचल प्रदेश के भ्रमण पर निकले। देव पालकी के गर्भगृह से बाहर निकलते ही पूरी टौंस घाटी चार महासू की जय-जयकार से गूंजने लगी। ठडियार मंदिर में सुबह से ही देव दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जबकि टौंस के इस पार हनोल मंदिर में श्रद्धालु देव पालकी का इंतजार करते रहे। दोपहर पवासी महाराज की पालकी हनोल मंदिर पहुंची। जहां बोठा महासू महाराज से मिलन हुआ। देव कारिंदों और मंदिर समिति के सदस्यों ने देव पालकी का परंपरागत और धार्मिक रीति रिवाजों से स्वागत किया। इस दौरान जौनसार बावर, बंगाण, फतेह पर्वत क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देव दर्शन को पहुंचे। हनोल में बोठा महासू से मिलन के बाद पवासी महाराज तीसरे भाई बासिक महासू से मिलने मैंद्रथ मंदिर के लिए प्रस्थान किया। दोपहर बाद देव पालकी मैंद्रथ पहुंची, जहां ग्रामीणों ने देवता का भव्य स्वागत किया। इसके बाद खड़ी धाम के लिए देवता ने तलवाड़ गांव के चतर सिंह रावत के आवास में प्रवेश किया। यहां दोपहर से ही सैकड़ों ग्रामीण देव दर्शनों के लिए पहुंच गए थे। पूजा अर्चना के बाद पवासी महासू महाराज त्यूणी, मझोग, कठंग, आराकोट, सरन, इशाड़ी, टिकोची, बरनाली होते हुए चीवा गांव में पहुंची। यहां देव पालकी 24 मई तक प्रवास पर रहेगी। देव पालकी के साथ यात्रा में बजीर पांशी बिल जयपाल सिंह पंवार, स्याणा गुलाब सिंह, स्याणा मोहर सिंह, उपेंद्र चौहान, संजू मोहंडा, धर्म सिंह, देव माली अनिल चौहान, विनोद रावत, मनू रावत, रघुवीर, राहुल रावत, कुलदीप बंगाणी आदि शामिल रहे।
चकराता में छाई कोहरे की चादर
विकासनगर। बीते बुधवार रात बदले मौसम के बाद गुरुवार सुबह चकराता क्षेत्र में जोरदार बारिश हुई। बारिश के चलते मई माह में भी लोगो को सर्दी का एहसास हुआ। सुबह के समय लोगों को गरम कपड़े पहनने के साथ ही घरों के अंदर कैद होकर रहना पड़ा। दोपहर बाद मौसम खुलने पर लोगों को राहत मिली। बुधवार आधी रात बाद चकराता में मौसम ने एकाएक करवट बदली और तड़के चार बजे तेज तूफान के साथ जोरदार बारिश होने लगी। सुबह आठ बजे झमाझम बारिश हुई। सुबह-सुबह हुई बारिश के बाद जब लोगों की नींद खुली तो चारों ओर कोहरा छाया देख लोग हैरान रह गए। इस वर्ष मई माह में भी मौसम का यह मिजाज देख लोग हैरान हैं। मई माह में पहली बरार कोहरा छाये रहने के साथ ही लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास हुआ। लोगों घरों के बक्सों में बंद गरम कपड़ों को ठंड से बचने के लिए फिर बाहर निकालना पडा। स्वेटर जैकेट पहनकर ही लोग घरों से बाहर निकल पाये। वही बारिश के बाद आज सुबह तापमान भी गिरकर 16 डिग्री पर आ गया था। दोपहर बारह बजे बाद धूप खिलने पर लोगो को सर्दी से राहत मिली व तापमान में भी बढ़ोतरी हुई। गुरुवार को चकराता का अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम 11 पर रहा।