ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

रुद्रपुर में 4.54 करोड़ के ‘चिल्ड्रन बैंक’ वाले नोट बरामद, ठगी का तरीका जान पुलिस हैरान

दून हॉराइज़न ब्यूरो,
Published by: Harpreet Singh Updated Fri, 29 May 2026 10:40 PM IST

उधम सिंह नगर पुलिस ने गदरपुर इलाके से 4.54 करोड़ रुपये के असली और नकली नोटों की बड़ी खेप पकड़ी है। आरोपी गड्डियों में ऊपर असली और बीच में 'चिल्ड्रन बैंक' के नोट रखकर ठगी को अंजाम देते थे।

रुद्रपुर में 4.54 करोड़ के 'चिल्ड्रन बैंक' वाले नोट बरामद, ठगी का तरीका जान पुलिस हैरान

मुख्य बातें

  • गदरपुर पुलिस ने 4.54 करोड़ रुपये की संदिग्ध करेंसी के साथ दो आरोपियों को पकड़ा।
  • ठगी के लिए 500 के असली नोटों के नीचे लगाए गए थे 'चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया' के नोट।
  • बाजपुर निवासी मुनतियाज और गूलरभोज निवासी मनोज कुमार को किया गया गिरफ्तार।
  • गिरोह के नेटवर्क और नोटों के सोर्स की जांच में जुटी पुलिस।

रुद्रपुर, 29 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। उधम सिंह नगर जिले में पुलिस ने जाली नोटों के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। गदरपुर पुलिस ने 4 करोड़ 54 लाख रुपये के असली और नकली नोटों की खेप के साथ दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है।

ये आरोपी गड्डियों के ऊपर 500 रुपये के असली नोट लगाकर लोगों को ‘चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया’ के नकली नोट थमा देते थे। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस को यह कामयाबी मिली है।

मुखबिर से सूचना मिली थी कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध कैश लेकर बैठे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।

गड्डियों के बीच में छिपे थे डमी नोट

तलाशी के दौरान पुलिस टीम को एक काले-सफेद बैग से 157 बंडल बरामद हुए। जांच में सामने आया कि ठगों ने बड़ी ही चालाकी से गड्डियों में ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के 500 रुपये के असली नोट लगाए थे।

इन असली नोटों के ठीक नीचे पूरी गड्डी ‘चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया’ के डमी नोटों की थी। इसी तरीके का इस्तेमाल कर ये आरोपी लोगों को धोखा देकर ठगी का जाल बिछा रहे थे। मौके से पुलिस ने कुल 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के असली-नकली नोट जब्त किए हैं।

आरोपियों की कुंडली खंगाल रही पुलिस

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनतियाज (निवासी बाजपुर) और मनोज कुमार (निवासी गूलरभोज, गदरपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जिले में आर्थिक और संगठित अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से लाए गए और इन्हें किन इलाकों में खपाने की तैयारी थी। आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment