ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

देहरादून के एस्ले हॉल चौक पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, बढ़ती महंगाई को लेकर फूंका सरकार का पुतला

दून हॉराइज़न ब्यूरो,
Published by: Harpreet Singh Updated Sun, 17 May 2026 08:41 PM IST

उत्तराखंड में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून और मसूरी सहित विभिन्न हिस्सों में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया.

देहरादून के एस्ले हॉल चौक पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, बढ़ती महंगाई को लेकर फूंका सरकार का पुतला

मुख्य बातें

  • प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर जिला और नगर कमेटियों ने विभिन्न जनपदों में किया प्रदर्शन.
  • देहरादून के एस्ले हॉल चौक और मसूरी के पिक्चर पैलेस चौक पर कांग्रेसियों ने की नारेबाजी.
  • खाद्य पदार्थों, कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडरों के बढ़ते दामों को लेकर जताया आक्रोश.
  • कांग्रेस नेताओं ने चेताया- आम जनता के हक के लिए सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी लड़ाई.

देहरादून, 17 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। बढ़ती महंगाई, खाद्य सामग्रियों की कीमतों में उछाल और पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ रसोई गैस के दामों में की गई वृद्धि के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने रविवार को मोर्चा खोल दिया. प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राजधानी देहरादून सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में सड़कों पर उतरकर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया.

राजधानी के व्यस्ततम एस्ले हॉल चौक पर बड़ी संख्या में एकत्र हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं ने सरकार पर आम जनता की जेब काटने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महंगाई के कारण आम नागरिकों का जीना दूभर हो गया है.

आम जनता पर बढ़ा आर्थिक बोझ

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जसविंदर गोगी ने कहा कि देश और राज्य में महंगाई अब चरम सीमा पर पहुंच चुकी है. पहले से ही रसोई गैस के बढ़े दामों से परेशान जनता पर अब पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाकर अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया है. सरकार की इन नीतियों ने आम जनमानस की कमर तोड़कर रख दी है, जिसके विरोध में आज यह कदम उठाना पड़ा है.

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमरेंद्र बिष्ट ने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि पिछले दिनों घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दामों में रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी की गई है. खाद्य तेल और दूसरी रोजमर्रा की जरूरी चीजों के भाव लगातार बढ़ रहे हैं. बिष्ट ने आरोप लगाया कि जब देश की जनता इस आर्थिक संकट से त्रस्त है, तब प्रधानमंत्री अपने विदेश दौरों में व्यस्त हैं.

सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी

अमरेंद्र बिष्ट ने स्पष्ट किया कि यह प्रदर्शन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर आयोजित किया गया था. इसके तहत सभी जिला और नगर कांग्रेस कमेटियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भाजपा सरकार का पुतला फूंकने के निर्देश दिए गए थे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता की आवाज रही है और इस जनविरोधी नीति के खिलाफ लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी.

मसूरी में भी गरमाया सियासी माहौल

देहरादून के साथ ही पर्यटन नगरी मसूरी में भी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया. रविवार को मसूरी के पिक्चर पैलेस चौक पर कांग्रेसियों ने एकत्रित होकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.

प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया. स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई विकराल रूप ले चुकी है. आम जनता को तत्काल राहत देने के लिए सरकार को टैक्स कम करने चाहिए और कीमतों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कदम उठाने चाहिए.

समाचार सुर्खियां 
Dehradun: 22 मई से शुरू होगा उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट, विजेता टीम पर होगी 10 लाख की बारिश
DM सविन बंसल का एक्शन, देहरादून के सेलाकुई और सिडकुल में धारा 163 लागू
देहरादून में डेंगू को लेकर हाई अलर्ट: लापरवाही पर कटेगा भारी चालान, स्कूलों के लिए बदले नियम

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment