Aloo Chaat Sushi Roll : अक्सर घर की किटी पार्टी, वीकेंड गेट-टुगेदर या बच्चों की छोटी-मोटी भूख के लिए समझ नहीं आता कि क्या नया बनाया जाए।
हर बार वही समोसे, कटलेट या आलू चाट परोसना थोड़ा बोरिंग हो जाता है। ऐसे में ‘आलू चाट सुशी रोल’ एक बेहतरीन विकल्प है।
यह पारंपरिक आलू चाट का ही एक मॉडर्न और क्रिएटिव रूप है, जो खाने में बेहद स्वादिष्ट और परोसने में एकदम रेस्टोरेंट स्टाइल लगता है।
इस फ्यूजन डिश की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाना बहुत आसान है और इसके लिए आपको किसी फैंसी शेफ स्किल की जरूरत नहीं पड़ती।
आइए जानते हैं इसे बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी और इसे तैयार करने का तरीका क्या है।
बनाने के लिए जरूरी सामग्री

- उबले आलू – 3
- हरी मिर्च – 1 (बारीक कटी हुई)
- हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
- चाट मसाला – ½ छोटा चम्मच
- नींबू का रस – ½ छोटा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- कसा हुआ पनीर – ½ कप
- बारीक कटी शिमला मिर्च – 1 बड़ा चम्मच
- चिली मेयोनेज़ – 1 बड़ा चम्मच
- चिली फ्लेक्स – ½ छोटा चम्मच
- काली मिर्च पाउडर – ¼ छोटा चम्मच
- नोरी शीट – 1
- बारीक सेव – ½ कप
- फेंटा हुआ दही – 2 बड़े चम्मच
- मीठी इमली की चटनी – 1 बड़ा चम्मच
- अनार के दाने – 2 बड़े चम्मच
आलू चाट सुशी रोल बनाने का तरीका
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में उबले आलू को अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें नमक, लाल मिर्च, चाट मसाला, नींबू का रस, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें।
ध्यान रखें कि आलू का पेस्ट चिकना हो ताकि रोल बनाते समय टूटे नहीं। एक अलग कटोरी में कसा हुआ पनीर, शिमला मिर्च, चिली मेयो, चिली फ्लेक्स और काली मिर्च डालकर मिक्स कर लें।
यह क्रीमी स्टफिंग सुशी के बीच में एक बढ़िया टेक्सचर देगी। क्लीन बोर्ड या सुशी मैट पर नोरी शीट रखें। अब तैयार किए गए आलू के मिश्रण को नोरी शीट पर एकसमान आयताकार (rectangular) शेप में फैलाएं।
फैली हुई आलू की परत के एक किनारे पर पनीर की स्टफिंग को लंबाई में रखें। अब सुशी मैट या हाथों की मदद से इसे सावधानीपूर्वक कसकर गोल रोल (लॉग शेप) कर लें।
तैयार रोल को बारीक सेव के ऊपर चलाएं ताकि बाहर हल्की सी सेव की कोटिंग हो जाए। इसके बाद इसे सेट होने के लिए करीब 10 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें।
10 मिनट बाद फ्रिज से निकालकर तेज चाकू की मदद से इसके छोटे-छोटे सुशी बाइट्स काट लें। कटे हुए सुशी रोल्स को सर्विंग प्लेट में सजाएं।
हर रोल के ऊपर थोड़ा फेंटा हुआ दही, इमली की चटनी, अनार के दाने और थोड़ा हरा धनिया लगाएं। आपकी चटपटी और क्रिस्पी आलू चाट सुशी रोल बनकर तैयार है।
टिप
अगर आपके पास नोरी शीट उपलब्ध न हो, तो आप इसकी जगह पतली ब्रेड स्लाइस को बेलकर या फिर भुने हुए पापड़ का इस्तेमाल करके भी यह रोल तैयार कर सकते हैं।












