ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

सहसपुर में ड्रग्स और गोकशी तस्करों पर गरजा बुलडोजर, 13 अवैध निर्माण ढहाए

देहरादून के सहसपुर क्षेत्र अंतर्गत खुशहालपुर और जस्सोवाला में पुलिस-प्रशासन ने संयुक्त बुलडोजर एक्शन लेकर 10 कुख्यात अपराधियों सहित 13 के अवैध निर्माण ढहा दिए।

Published On: September 5, 2026 6:37 PM
sahaspur dehradun demolition

HIGHLIGHTS

  • सहसपुर के खुशहालपुर और जस्सोवाला गांव में चला प्रशासन का पीला पंजा।
  • मादक पदार्थ तस्करी और गोकशी से जुड़े 10 हिस्ट्रीशीटरों की संपत्तियां ध्वस्त।
  • सरकारी जमीन कब्जा कर बनाए गए कुल 13 मकान-ढांचे जमींदोज।
  • मुख्य आरोपी सलमान और आमिर पर 20 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज।

दून हॉराइज़न, देहरादून (05 सितंबर): पछुवादून के सहसपुर इलाके में ड्रग तस्करों और संगठित गिरोहों के खिलाफ प्रशासन का डंडा चला है। शनिवार को खुशहालपुर और जस्सोवाला गांव में राजस्व और पुलिस टीम ने भारी फोर्स के साथ पहुंचकर 13 अवैध संपत्तियों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया।

यह भी पढ़ें : क्या पूरी तरह सुरक्षित हैं जिले की वोटिंग मशीनें? प्रशासन ने राजनीतिक दलों को कराया मुआयना

जिन मकानों पर यह पीला पंजा चला है, उनमें से 10 ठिकाने ऐसे शातिर बदमाशों के थे जो लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी (Drug Trafficking) और गोकशी जैसी गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

सरकारी जमीन पर बना रखे थे ठिकाने

राजस्व महकमे के मुताबिक, चिन्हित किए गए आरोपियों ने चकरोड और ग्राम समाज की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके पक्के निर्माण खड़े कर लिए थे। कई बार नोटिस और चेतावनियों के बावजूद जमीन खाली नहीं की जा रही थी। देहरादून जिला प्रशासन ने पुलिस रिपोर्ट के आधार पर ऐसे अपराधियों की सूची तैयार की थी, जिन्होंने अपराध से अर्जित काले धन और दबंगई के बूते सरकारी भूमि कब्जाई थी।

सुबह होते ही तहसील प्रशासन, पुलिस बल और पीएसी के जवानों ने दोनों गांवों की घेराबंदी कर ली, ताकि कानून-व्यवस्था की कोई स्थिति न बिगड़े।

दर्जनों मुकदमों में वांछित रहे हैं आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि जिन आरोपियों की संपत्तियां तोड़ी गईं, उन पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। खुशहालपुर निवासी आमिर पर एनडीपीएस, गोवंश संरक्षण और आर्म्स एक्ट के 21 मुकदमे हैं, जबकि सलमान पर 21 और फैजान पर 19 मामले दर्ज हैं। मेहराज, दिलशाद उर्फ मिर्ची और मोहसीन भी लंबे समय से नशा तस्करी और गुंडा एक्ट के तहत नामजद रहे हैं। वहीं जस्सोवाला की बंगला बस्ती में स्मैक और चरस तस्करी में लिप्त बिरजू, सूरज और चोरी के आरोपी सोहिन के अवैध ठिकाने भी गिरा दिए गए।

नशा माफियाओं पर आगे भी जारी रहेगा प्रहार

पछुवादून का यह इलाका हरियाणा, हिमाचल और उत्तर प्रदेश की सीमाओं से सटा होने के कारण लंबे समय से नशीले पदार्थों के तस्करों का सेफ कॉरिडोर माना जाता रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करों की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क करने और सरकारी भूमि से उनके कब्जे हटाने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें : देहरादून नगर निगम की बकायेदारों पर सख्ती, हाउस टैक्स न भरने वालों पर चलेगा कानूनी डंडा

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment