Hariyali Paneer Tikka Recipe : घर में कोई छोटी पार्टी हो या वीकेंड पर कुछ खास खाने का मन, स्टार्टर में पनीर से बेहतर विकल्प शायद ही कोई हो।
अक्सर लोग पनीर टिक्का या पकौड़े बनाते हैं, लेकिन अगर आप कुछ नया और रिफ्रेशिंग स्वाद चाहते हैं, तो हरियाली पनीर टिक्का सबसे अच्छा विकल्प है।
इसे बनाने के लिए आपको तंदूर या ओवन की जरूरत नहीं है। घर के साधारण तवे पर भी यह उतना ही क्रिस्पी और जूसी बनता है जितना किसी अच्छे रेस्टोरेंट में मिलता है।
ज़रूरी सामग्री
- पनीर: 2 कप (चौकोर टुकड़ों में कटा हुआ)
- हरा धनिया: 1 कप (बारीक कटा)
- पुदीना के पत्ते: आधा कप
- गाढ़ा दही (हंग कर्ड): 2 बड़े चम्मच
- हरी मिर्च: 2
- अदरक: 1 चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
- लहसुन: 1 चम्मच (बारीक कटा)
- बेसन: 1 चम्मच (बाइंडिंग के लिए)
- मसाले: आधा चम्मच हल्दी, 1 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच जीरा पाउडर, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच अमचूर पाउडर
- नींबू का रस: 2 चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- तेल: सेकने के लिए
बनाने की आसान विधि
1. तैयार करें हरा पेस्ट
सबसे पहले धनिया और पुदीने के पत्तों को पानी से अच्छी तरह धो लें।
अब मिक्सी के जार में पत्ते, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन डालकर थोड़ा सा पानी मिलाकर गाढ़ा और महीन पेस्ट तैयार कर लें।
2. मैरिनेशन तैयार करें
एक बड़े कटोरे में गाढ़ा दही निकालें। इसमें तैयार किया हुआ हरा पेस्ट डालें। इसके बाद हल्दी, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, लाल मिर्च, अमचूर, गरम मसाला, स्वादानुसार नमक और 1 चम्मच नींबू का रस डालकर अच्छी तरह फेंट लें।
इसमें 1 चम्मच बेसन मिलाएं, जिससे मैरिनेशन पनीर के टुकड़ों पर अच्छे से चिपका रहे।
3. पनीर को मैरिनेट करें

अब पनीर के चौकोर टुकड़ों को इस मसाले में डालें और हल्के हाथों से मिलाएं ताकि पनीर टूटे नहीं।
मसाले की कोटिंग पनीर पर चढ़ जाने के बाद इसे ढककर कम से कम 25 से 30 मिनट के लिए रख दें। इससे पनीर के अंदर तक सभी मसालों का स्वाद चला जाएगा।
4. तवे पर सेकें
गैस पर नॉन-स्टिक तवा या पैन गर्म करें और उस पर 2 से 3 चम्मच तेल फैलाएं।
आंच को मीडियम रखें। मैरिनेट किए हुए पनीर के टुकड़ों को तवे पर रखें और दोनों तरफ से सुनहरा और हल्का क्रिस्पी होने तक सेक लें।
सर्व करने का तरीका

गरमा-गरम हरियाली पनीर टिक्का को प्लेट में निकालें। ऊपर से थोड़ा सा चाट मसाला और ताजा नींबू का रस छिड़कें।
इसे लच्छेदार प्याज, पुदीने की तीखी चटनी और तंदूरी रोटी या पराठे के साथ स्टार्टर के रूप में परोसें।










