Chilli Jam Recipe : सुबह के नाश्ते में ब्रेड-बटर या साधारण जैम खाकर बोर हो गए हैं, तो कुछ नया ट्राई करने का यह सही समय है।
मिर्च का जैम स्वाद में मीठा, तीखा और हल्का खट्टा होता है। इसका यही अनोखा कॉम्बिनेशन इसे बच्चों और बड़ों दोनों का पसंदीदा बना देता है।
इसे आप परांठे, ब्रेड, सैंडविच या रोल के साथ स्प्रेड की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसे आसानी से बनाने का तरीका।
ज़रूरी सामग्री
- लाल मिर्च: 250 ग्राम (मोटे छिलके वाली या कम तीखी लाल मिर्च)
- शक्कर: 150 ग्राम
- नींबू: 1-2 स्लाइस
- नमक: स्वाद अनुसार
- बनाने का आसान तरीका
मिर्च की सफाई और कटाई
सबसे पहले लाल मिर्च को अच्छे से धोकर पोंछ लें। अब इनके डंठल काटें और मिर्च को बीच से दो भागों में चीर लें। मिर्च के अंदर का सफेद हिस्सा और बीज पूरी तरह निकाल दें, ताकि जैम में संतुलित तीखापन रहे।
इसके बाद मिर्च को बारीक टुकड़ों में काट लें। नींबू के स्लाइस से भी बीज अलग कर लें।
पकाने की प्रक्रिया
एक पैन में कटे हुए मिर्च के टुकड़े डालें और ऊपर से शक्कर मिला दें। गैस को मध्यम आंच पर रखें और इसे चम्मच से चलाते रहें।
कुछ ही देर में मिर्च अपना पानी छोड़ने लगेगी और शक्कर पिघलकर चाशनी का रूप ले लेगी।
सही टेक्सचर और रंग
जब शक्कर पूरी तरह पिघल जाए, तब इसमें नींबू की स्लाइस और चुटकी भर नमक डालें। इसे लगातार चलाते रहें ताकि मिश्रण तली में चिपके नहीं।
ध्यान रखें कि जैम को बहुत ज़्यादा सूखा नहीं करना है, इसे हल्का गीला ही रहने दें।
स्टोर करने का तरीका
जब मिश्रण जैम जैसा गाढ़ा दिखने लगे, तो गैस बंद कर दें और नींबू की स्लाइस निकाल दें।
इसे पूरी तरह ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इसे किसी साफ और सूखे कांच के जार में भरकर रख लें। यह जैम हफ्तों तक खराब नहीं होता।







