Muskan Baby Haryanvi Dance : हरियाणा के सांस्कृतिक मंचों और रागनी कार्यक्रमों में इन दिनों एक नया नाम गूंज रहा है और वह नाम है मुस्कान बेबी। 24 साल की इस युवा डांसर ने अपने ऊर्जावान प्रदर्शन और अनूठी शैली से न केवल युवाओं बल्कि हर वर्ग के दर्शकों को अपना मुरीद बना लिया है।
आलम यह है कि मुस्कान के कार्यक्रमों में जुटने वाली भीड़ अब सपना चौधरी के शुरुआती दौर की याद दिला रही है। मुस्कान बेबी का जीवन संघर्ष और उनकी सफलता की कहानी काफी हद तक सपना चौधरी से मेल खाती है।
जिस तरह सपना ने कम उम्र में अपने पिता को खोने के बाद परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए स्टेज का रुख किया था, ठीक उसी तरह मुस्कान ने भी 16 साल की उम्र में सिर से पिता का साया उठने के बाद मजबूरी में इस पेशे को अपनाया। पिछले 8 सालों के कड़े संघर्ष ने आज उन्हें हरियाणा की ‘न्यू डांसिंग क्वीन’ के खिताब के करीब खड़ा कर दिया है।

सोशल मीडिया पर इन दिनों मुस्कान का एक वीडियो तेजी से ट्रेंड कर रहा है, जिसमें वह मशहूर हरियाणवी ट्रैक ‘पानी छलकै’ पर थिरकती नजर आ रही हैं। उनके डांस मूव्स और एक्सप्रेशंस को देखकर फैंस उनकी तुलना सीधे तौर पर इंडस्ट्री की सीनियर आर्टिस्ट्स से कर रहे हैं।
वर्तमान में मुस्कान की व्यस्तता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके पास हर महीने औसतन 20 से 25 स्टेज शो के अनुबंध होते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर मुस्कान बेबी की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है।
यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर उनके वीडियोज को लाखों व्यूज मिल रहे हैं, जो यह साफ संकेत है कि हरियाणवी मनोरंजन जगत में सत्ता परिवर्तन की लहर चल रही है।
जहां एक तरफ स्थापित कलाकार अपनी गरिमा बनाए हुए हैं, वहीं मुस्कान जैसी नई प्रतिभाएं अपनी कड़ी मेहनत और सादगी भरे अंदाज से एक नया मुकाम हासिल कर रही हैं।









