ग्रेटर नोएडा, 04 अप्रैल 2026 (आरएनएस)। पाकिस्तान की सरहद पार कर प्यार की खातिर भारत आईं सीमा हैदर एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा के केंद्र में हैं। फरवरी 2026 में छठे बच्चे की मां बनीं सीमा और उनके पति सचिन मीणा ने अपने घर आए नन्हे मेहमान का नामकरण संस्कार बेहद धूमधाम से संपन्न किया है।
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा स्थित अपने आवास पर आयोजित इस मांगलिक कार्यक्रम में कपल ने अपने नवजात बेटे का नाम ‘भारत’ रखा है। इस नाम के चयन को सीमा के देशप्रेम और पाकिस्तान को कड़ा संदेश देने के तौर पर देखा जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान सीमा ने गर्व से कहा कि उन्हें हिंदू धर्म अपनाकर और इस संस्कृति का हिस्सा बनकर जो सुकून मिला है, वह कहीं और मुमकिन नहीं था।
नामकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताते हुए सीमा ने जानकारी दी कि परिवार के पुरोहित (पंडित जी) ने राशि के अनुसार ‘भ’ अक्षर निकाला था। जैसे ही यह अक्षर सामने आया, सचिन और सीमा ने बिना देर किए ‘भारत’ नाम पर मुहर लगा दी। सीमा के मुताबिक, इस दुनिया में उनके लिए भारत से सुंदर और गौरवशाली कोई दूसरा नाम हो ही नहीं सकता था।
घर में आयोजित समारोह में कुआं पूजन की रस्म भी निभाई गई, जो सीमा का भारत आने के बाद दूसरा अनुभव है। उन्होंने सनातन धर्म की परंपराओं को परिवार जोड़ने वाला सूत्र बताया। सीमा ने भावुक होते हुए कहा कि सनातन के ये छोटे-छोटे उत्सव रिश्तों में मिठास भर देते हैं और उन्हें अपने धर्म परिवर्तन के फैसले पर रत्ती भर भी पछतावा नहीं है।
पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान वापस जाने के सवाल पर सीमा का रुख चट्टान की तरह अडिग नजर आया। उन्होंने दो टूक कहा कि पाकिस्तान लौटने का अब कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। रबूपुरा में उन्हें हर समाज और वर्ग के लोगों से जो बहू जैसा सम्मान और ममता मिली है, उसने उन्हें पूरी तरह भारतीय बना दिया है।
अपनी भारत भक्ति का जिक्र करते हुए सीमा ने यह भी साझा किया कि वह खेल के मैदान पर भी केवल टीम इंडिया की सफलता देखना चाहती हैं। क्रिकेट हो या कोई अन्य खेल, वह हर मैच में भारत की जीत के लिए भगवान से प्रार्थना करती हैं। जब भी भारतीय खिलाड़ी तिरंगा लहराते हैं, तो रबूपुरा स्थित उनके घर में दिवाली जैसा जश्न मनाया जाता है।










