देहरादून, 17 जून 2026 (दून हॉराइज़न)। राजधानी देहरादून का सबसे पुराना और व्यस्त व्यावसायिक केंद्र पलटन बाजार आज सुबह एक भीषण अग्निकांड से दहल उठा। यहाँ से सटे सरनीमल बाजार स्थित प्रसिद्ध साड़ी और लहंगा शोरूम ‘गांधी संस’ (गांधी साड़ी हाउस) की तीसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया।
इस हादसे में शोरूम के ऊपरी तल पर रखा लाखों रुपये का कीमती कपड़ा और स्टॉक जलकर पूरी तरह राख हो गया है। राहत की बात यह रही कि सुबह का समय होने के कारण शोरूम और बाजार में ज्यादा भीड़ नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
दमकल की 6 गाड़ियों ने एक घंटे में पाया काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के लोगों ने तुरंत अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया और दमकल विभाग व नगर कोतवाली पुलिस को सूचित किया। दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मेसोंन भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
दमकल विभाग की पहली गाड़ी के पहुंचते ही आग की भयावहता को देखते हुए पांच और गाड़ियों को तुरंत बैकअप के लिए बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद शोरूम के ऊपरी हिस्से के बंद दरवाजे को तोड़ा और अंदर पानी की बौछारें डालकर करीब एक घंटे में आग को पूरी तरह नियंत्रित किया।
शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह, समय पर उठे सवाल
प्रारंभिक जांच में पुलिस और दमकल विभाग आग लगने का कारण बिजली के तारों में हुआ शॉर्ट सर्किट मान रहे हैं। शोरूम मालिक के मुताबिक, दुकान के बाहर लगे बिजली के प्लग के ऊपर अचानक चिंगारियां उठी थीं, जिसने तुरंत ही विकराल रूप ले लिया। शोरूम प्रबंधन का आरोप है कि सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, जिससे नुकसान का दायरा बढ़ गया।
दूसरी ओर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अभिनव त्यागी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सूचना मिलते ही 5 से 7 मिनट के भीतर पहली दमकल टीम मौके पर पहुंच गई थी। कुल 6 गाड़ियों की मदद से समय रहते आग को रोक लिया गया। शोरूम मालिक फिलहाल हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री और विधायक ने लिया जायजा, उठी तारों के जाल को हटाने की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री व राजपुर विधायक खजान दास तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित शोरूम स्वामी से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोंन ने कैबिनेट मंत्री के सामने पलटन बाजार की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मुद्दा उठाया।
उन्होंने बाजार में दुकानों के आगे लटक रहे बिजली के तारों के अनियंत्रित गुच्छों (जाल) को तुरंत हटाने की मांग की, जो अक्सर ऐसे हादसों का सबब बनते हैं। इसके साथ ही पीड़ित व्यापारी को भारी नुकसान से उबारने के लिए तत्काल आर्थिक सहायता देने का भी आग्रह किया गया है।
पलटन बाजार देहरादून का सबसे व्यस्त और संकरा शॉपिंग कॉरिडोर है। सीएफओ अभिनव त्यागी ने बाजार के सभी छोटे-बड़े व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों में अनिवार्य रूप से चालू हालत में अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) रखें और समय-समय पर बिजली के लोड व वायरिंग की ऑडिट कराते रहें, ताकि तंग गलियों वाले इस बाजार में भविष्य में ऐसे बड़े खतरों से बचा जा सके।











