Monsoon Kitchen Storage Tips : मॉनसून का मौसम गर्मी से राहत तो दिलाता है, लेकिन किचन के रखरखाव की चुनौती बढ़ा देता है।
हवा में नमी ज्यादा होने के कारण डिब्बों में रखी दालें, चावल, आटा और मसाले बहुत जल्दी सीलन पकड़ लेते हैं। कई बार इनमें घुन या कीड़े लग जाते हैं, तो कभी फफूंद लगने से सामान फेंकना पड़ता है।
अगर आप भी हर बारिश में राशन खराब होने की समस्या से परेशान रहते हैं, तो कुछ आसान घरेलू तरीके अपनाकर अपने राशन को लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं।
1. प्लास्टिक पॉलीथिन छोड़ें, एयरटाइट डिब्बों का करें इस्तेमाल
बाजार से राशन लाने के बाद उसे उसी प्लास्टिक की थैली में छोड़ देना नमी को न्योता देना है। बारिश के दिनों में दाल, मसाले, चीनी और नमक को हमेशा सूखे कांच या अच्छी क्वालिटी के एयरटाइट डिब्बों में ही रखें।
ढक्कन पूरी तरह बंद रहने से बाहर की हवा अंदर नहीं पहुंचती और सामान सुरक्षित रहता है।
2. दाल और चावल को कीड़ों व घुन से ऐसे बचाएं
अगर चावल, गेहूं या दालों में छोटे काले कीड़े या घुन लगने का डर रहता है, तो डिब्बे में 2-3 तेजपत्ता या सूखी लाल मिर्च डाल दें। इनकी तीखी गंध से कीड़े दूर रहते हैं।
आटे को सीलन से बचाने के लिए उसमें 4-5 लौंग रख सकते हैं। अगर आपके पास अनाज की बड़ी टंकी है, तो सूखी नीम की पत्तियां डालना सबसे पुराना और असरदार तरीका है।
3. सूजी, मैदा और बेसन को लाते ही ड्राई रोस्ट करें
सूजी, मैदा और बेसन ऐसी चीजें हैं जिनमें मॉनसून में बहुत जल्दी जाले बन जाते हैं या नमी से गुठलियां पड़ जाती हैं।
इन्हें बचाने का सबसे सही तरीका है कि बाजार से लाते ही बिना तेल या घी के कड़ाही में हल्का सा भून (ड्राई रोस्ट) लें। जब यह पूरी तरह ठंडा हो जाए, तब एयरटाइट डिब्बे में बंद करके रखें।
4. नमक और चीनी को पिघलने न दें
बारिश में नमक और चीनी नमी सोखकर गीले होने लगते हैं। नमक को सूखा रखने के लिए उसके जार में कच्चे चावल के कुछ दाने डाल दें; चावल नमी को सोख लेता है।
वहीं, चीनी के डिब्बे में 4-5 लौंग डालने से न तो उसमें नमी आएगी और न ही चींटियां लगेंगी।
5. मसाले और ड्राई फ्रूट्स को रखें फ्रिज में
पिसे हुए मसाले जैसे धनिया, हल्दी, मिर्च और महंगे ड्राई फ्रूट्स मॉनसून में नमी पकड़कर स्वाद में कड़वे होने लगते हैं।
इन्हें एयरटाइट डिब्बों में बंद करके फ्रिज में रखना सबसे सुरक्षित तरीका है। फ्रिज का ठंडा और सूखा तापमान इन्हें महीनों तक फ्रेश रखता है।
ये छोटी सावधानियां भी हैं जरूरी
- डिब्बे से सामान निकालते समय चम्मच और हाथ पूरी तरह सूखे होने चाहिए।
- हफ्ते में एक बार राशन वाली अलमारी को सूखे कपड़े से साफ करें और कोनों में कपूर रख दें।
- जब भी धूप निकले, दालों और अनाज को 1-2 घंटे के लिए धूप में जरूर दिखा लें।












