देहरादून। उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व फूलदेई के शुभ अवसर पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्य की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। पार्टी के सक्रिय सदस्य सचिन थपलियाल ने उत्तराखंड की जनता की ओर से प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों को एक महत्वपूर्ण मांगपत्र प्रेषित किया है।
इस पत्र में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए ‘केजरीवाल की गारंटी’ को तत्काल प्रभाव से राज्य में प्रसारित और लागू करने के लिए दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया है।
सचिन थपलियाल ने तर्क दिया है कि जिस प्रकार दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकारों ने मुफ्त बिजली, पानी, मोहल्ला क्लिनिक और विश्वस्तरीय सरकारी स्कूलों के माध्यम से जनता को राहत दी है, वैसी ही अपेक्षा उत्तराखंड की जनता भी रखती है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सम्मानजनक योजनाएं और मुफ्त तीर्थ यात्रा जैसे कदम देवभूमि के वोटरों को पार्टी की ओर आकर्षित करने में निर्णायक साबित हो सकते हैं।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में पिछले विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ने ‘मुफ्त बिजली’ का बड़ा दांव खेला था, हालांकि तब पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। लेकिन इस बार रणनीति में बदलाव करते हुए पार्टी नेतृत्व से अनुरोध किया गया है कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मूलभूत मुद्दों को चुनाव से काफी पहले ही घर-घर तक पहुंचाया जाए।
थपलियाल का मानना है कि यदि इन गारंटियों का व्यापक प्रचार-प्रसार समय रहते शुरू हो गया, तो 2027 में राज्य के भीतर एक बड़ा राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिल सकता है।








