देहरादून। उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चल रही कार्रवाई ने शराब तस्करों की कमर तोड़ दी है। रायवाला थाना पुलिस ने रविवार को चेकिंग के दौरान एक हुंडई कार को रोककर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है जो ऋषिकेश क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान 28 वर्षीय शिवम, निवासी श्यामपुर और 18 वर्षीय ईशु कश्यप उर्फ लड्डू, निवासी आईडीपीएल ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने रायवाला गेट के पास जाल बिछाकर गाड़ी संख्या UA07S-5230 को रोका था। तलाशी लेने पर कार के अंदर से 576 पव्वे अंग्रेजी शराब और 1125 पाउच देशी शराब बरामद हुई।
बरामद की गई शराब की कुल बाजार कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को तुरंत प्रभाव से सीज कर दिया है। एसएसपी ने साफ किया है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रायवाला में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।











