PM Kisan Portal Update : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे देशभर के करोड़ों किसानों के लिए केंद्र सरकार ने आधिकारिक पोर्टल पर कई तकनीकी सुधार किए हैं।
हालांकि किस्त ट्रांसफर करने की अंतिम तारीख का आधिकारिक ऐलान होना अभी बाकी है, लेकिन माना जा रहा है कि 30 नवंबर से पहले 2,000 रुपये की यह राशि पात्र किसानों के बैंक खातों में पहुंच जाएगी।
इस बीच, पोर्टल के होमपेज पर चार नए फीचर्स जोड़े गए हैं ताकि लाभार्थियों को छोटी-छोटी दिक्कतों के लिए ब्लॉक या तहसील के चक्कर न काटने पड़ें।
अधूरी जानकारी ठीक करने और मोबाइल नंबर बदलने की सीधी सुविधा
योजना के आधिकारिक पोर्टल (PM-KISAN Portal) पर फार्मर्स कॉर्नर के पास ‘Update Missing Information’ का नया बॉक्स जोड़ा गया है। अगर किसी लाभार्थी का नाम, बैंक विवरण या अन्य जानकारी फॉर्म भरते समय छूट गई थी, तो वे यहां अपना पंजीकरण नंबर डालकर उसे तुरंत सही कर सकते हैं।
इसके साथ ही, आधार से लिंक नए फोन नंबर को अपडेट करने के लिए अलग से विकल्प दिया गया है। पोर्टल पर नया मोबाइल नंबर दर्ज होते ही किस्त और ई-केवाईसी (e-KYC) से जुड़े एसएमएस अलर्ट सीधे मिलने लगेंगे।
अपात्र लाभार्थियों के लिए ऑनलाइन रिफंड का रास्ता
केंद्र सरकार ने अपात्र लोगों द्वारा सम्मान निधि लेने के मामलों को रोकने के लिए ‘ऑनलाइन रिफंड’ का मॉड्यूल सक्रिय किया है।
यदि कोई व्यक्ति नियमों के तहत योजना की पात्रता पूरी नहीं करता और अनजाने में राशि खाते में आ गई है, तो वह पोर्टल पर जाकर ओटीपी के जरिए सीधे पैसे सरकारी खाते में लौटा सकता है। इस कदम से रिकवरी नोटिस और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सकेगा।
नोडल अधिकारियों के संपर्क सूत्र अब एक क्लिक पर
किसानों की तकनीकी और प्रशासनिक दिक्कतों को हल करने के लिए ‘Search your Point of Contact’ सुविधा शुरू की गई है।
- राज्य स्तर पर: राज्य नोडल अधिकारी का नाम, पद और आधिकारिक ईमेल आईडी मिलेगी।
- जिला स्तर पर: अपने जिले के कृषि उप-निदेशक या नोडल अफसर का फोन नंबर सीधे देखा जा सकेगा।
गौरतलब है कि योजना के तहत हर साल तीन किस्तों में कुल 6,000 रुपये सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए भेजे जाते हैं, और अब तक 23 किस्तों में सरकार 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक जारी कर चुकी है।




