Weather Forecast: बादलों की गरज थामेगी जिंदगी की रफ्तार, अगले 24 घंटे में इन राज्यों में जमकर होगी बारिश

भारत में लगातार मानसूनी बारिश का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है, जिससे जगह-जगह बाढ़ का कहर जारी है, जिसे लेकर लोगों में मातम पसरा हुआ है। पूर्वोत्तर राज्यों से लेकर दक्षिणी भारत तक में मानसूनी बारिश का तांडव देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों जमकर हो रही बारिश से बाढ़ आमजन की आफत बनी हुई है।
सड़कें तालाब और गांव टापू बने हुए हैं। दिनभर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित आसपास के हिस्सों में बादल छाए रहे, जिससे तापमान सामान्य बना रहा। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के तमाम इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
इन हिस्सों में होगी भारी बारिश
आईएमडी के मुताबिक, देश की राजधानी दिल्ली में अगले चौबीस घंटे बादल छाए रहने की संभावना है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में 9 सितंबर से हल्की बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना जताथई है।
वहीं, यूपी की राजधानी लखनऊ की बात करें तो आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, अंडमान-निकोबार, लक्षद्वीप और केरल में भी मध्यम से तेज बारिश होने की चेतावनी जारी कर दी गई है।
वहीं, कर्नाटक, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा के कुछ इलाकों में आंतरिक तमिलनाडु, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। पश्चिमी हिमालय, तमिलनाडु के कुछ इलाकों रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
यहां भी होगी जबरदस्त बारिश
आईएमडी ने पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई है। उत्तर पश्चिम भारत यानी पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, वेस्ट राजस्थान और पूर्वी राजस्थान में अगले पांच दिनों तक तेज बारिश होने की संभावना है।