खट्टर सरकार ने पिछले 10 सालों में हरियाणा को बर्बाद कर दिया : केजरीवाल

आम आदमी पार्टी (आप) ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए दिल्ली के बाद हरियाणा में भी अपने चुनावी कैंपेन की शुरुआत कर दी है।
खट्टर सरकार ने पिछले 10 सालों में हरियाणा को बर्बाद कर दिया : केजरीवाल
न्यूज डेस्क, दून हॉराइज़न, नई दिल्ली

 'आप' प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कुरक्षेत्र की जनसभा में महाभारत का जिक्र करते हुए इस सियासी जंग को 'धर्मयुद्ध' करार दिया। केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी के साथ 'धर्म' है। उन्होंने लोगों से यह तय करने को कहा कि वे 'धर्म' के साथ हैं या 'अधर्म' के साथ हैं।

केजरीवाल ने कहा कि आज देश में दो किस्म के लोग हैं - देशभक्त या अंधभक्त। जितने देशभक्त हैं वो हमारे साथ आ जाओ और जितने अंधभक्त हैं वो उनके साथ चले जाओ। 

'आप' और कांग्रेस गठबंधन के तहत हरियाणा में लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। सीट शेयरिंग के तहत, 'आप' हरियाणा की कुल 10 संसदीय सीटों में से एकमात्र कुरुक्षेत्र सीट पर चुनाव लड़ेगी। रविवार को कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने लोगों से इस सीट से 'आप' के उम्मीदवार सुशील गुप्ता को वोट देने का आग्रह किया।

'खट्टर सरकार ने पिछले 10 सालों में हरियाणा को बर्बाद कर दिया' 

केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 सालों में मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली सरकार ने हरियाणा को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब, हर कोई चाहता है कि खट्टर सरकार जाए। कुरुक्षेत्र सीट पर आप की जीत सुनिश्चित करें...आगे खट्टर की सरकार जाने की खबर आएगी।

कुरुक्षेत्र में केजरीवाल ने कहा - भगवान कृष्ण हमारे साथ हैं

केजरीवाल ने जनसभा को संबोधित करते हुए ‘महाभारत’ का जिक्र किया और कहा कि कुरुक्षेत्र एक पवित्र भूमि है जहां धर्मयुद्ध लड़ा गया था। उन्होंने कहा कि कौरवों के पास सब कुछ होने के बावजूद’ पांडवों की जीत हुई थी। उन्होंने कहा कि पांडवों के पास क्या था? भगवान श्री कृष्ण उनके साथ थे। केजरीवाल ने कहा कि आज हमारे पास क्या है। हम बहुत छोटे हैं। भगवान श्री कृष्ण हमारे साथ हैं। 

भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘उनके पास सब कुछ है। उनके पास सभी शक्तियां हैं। उनके पास आईबी, सीबीआई, ईडी है।’’

'यह धर्म और अधर्म की लड़ाई है'

केजरीवाल ने उपस्थित लोगों से कहा कि हमारा धर्म हमारे साथ है। यह धर्म और अधर्म की लड़ाई है और आपको यह तय करना होगा कि आप धर्म के साथ हैं या अधर्म के साथ।  उन्होंने कहा कि भाजपा दावा कर रही है कि वह लोकसभा चुनाव में 370 सीट जीतने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे खुलेआम कह रहे हैं कि उन्हें आपके वोट की जरूरत नहीं है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में दो तरह के लोग हैं। उन्होंने कहा कि एक देशभक्त हैं और दूसरा अंधभक्त हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जो देशभक्त हैं वे मेरे साथ आएं...हमें अंधभक्त की जरूरत नहीं है।’’

'भाजपा को आपके वोट की जरूरत नहीं है'

केजरीवाल ने कहा कि मैं दिल्ली से हाथ जोड़कर आपसे वोट मांगने आया हूं। सुशील गुप्ता आपका वोट मांगने के लिए घर-घर जा रहे हैं। हमें चुनाव जीतने के लिए आपके वोट की जरूरत है। उन्हें (भाजपा को) आपके वोट की जरूरत नहीं है।

केजरीवाल ने हरियाणा के भाजपा सांसदों की आलोचना करते हुए दावा किया कि उन्होंने राज्य के लोगों के लिए कभी कुछ नहीं किया। केजरीवाल ने कहा कि आप पिछले दो लोकसभा चुनावों से सभी 10 सीटें भाजपा को दे रहे हैं।

मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि इन 10 सांसदों ने पिछले 10 साल में आपके लिए क्या किया। एक काम बताओ जो उन्होंने किया...उन्होंने कुछ नहीं किया। उन्होंने सवाल किया कि वे आपके सांसद नहीं हैं। वे भाजपा सांसद हैं।

वे भाजपा के गुलाम हैं। जब आपने पिछले 10 वर्षों में इतनी सारी समस्याओं का सामना किया, तो वे कहां थे। उन्होंने हरियाणा के पहलवानों का मुद्दा भी उठाया, जिन्होंने पिछले साल महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोप में तत्कालीन भारतीय कुश्ती महासंघ प्रमुख के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था।

'आप' नेता ने कहा कि हमारे हरियाणा की पहलवान बेटियों के साथ अत्याचार हुआ। उन्हें उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। जब वे प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली गईं तो उन पर लाठियां चलाई गईं...मैंने जंतर-मंतर पर उनका समर्थन किया।

केजरीवाल ने कहा कि आपके 10 सांसद कहां थे? जब आपकी बेटियों को परेशान किया गया तो वे तालियां बजा रहे थे। उन्होंने किसानों को दिल्ली की ओर जाने से रोकने के लिए केंद्र और हरियाणा सरकार की आलोचना की।

केजरीवाल ने पंजाब और हरियाणा की शंभू और खनौरी सीमाओं पर किसानों के आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी गलती क्या है? वे सिर्फ अपनी फसल के लिए कीमत एमएसपी मांग रहे हैं। उन्हें क्या मिला? उन्हें आंसू गैस के गोले मिले...पंजाब के एक किसान की मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साल जिन किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं, उन्हें खट्टर सरकार ने मुआवजा नहीं दिया। 

Share this story