50 दिन की पैरोल खत्म होते ही राम रहीम ने किया सरेंडर, अब नहीं मिलेगी बार-बार पैरोल

वह फिर हरियाणा के रोहतक की सुनारिया जेल पहुंच गया है। इससे पहले राम रहीम को बार-बार पैरोल मिलने के बाद पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने मनोहर लाल खट्टर सरकार को जमकर फटकार लगाई थी। दो टूक शब्दों में हरियाणा सरकार से पूछा था कि बार-बार राम रहीम को ही पैरोल दी जा रही है। अब पहले परमिशन लेनी होगी।
दुष्कर्म और हत्या के मामलों में सजा काट रहा सिरसा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम रविवार शाम 5 बजकर 3 मिनट पर वापस सुनारिया जेल पहुंचा। जेल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
19 जनवरी को राम रहीम को 50 दिन की पैरोल मिली थी। राम रहीम ने पैरोल मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के बागपत के बरनावा आश्रम में अपना पैरोल का वक्त बिताया था।
बार-बार पैरोल पर नाराज हुआ था हाई कोर्ट
गुरमीत राम रहीम को बार-बार पैरोल मिलने के मामले में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को जमकर फटकार लगाई थी। हाईकोर्ट ने कहा था कि केवल राम रहीम को बार-बार पैरोल मिल रही है? बाकी कैदियों को क्यों नहीं लाभ दिया जाता?
हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को आदेश दिया था कि अब अदालत की अनुमति के बिना राम रहीम को पैरोल नहीं दी जाएगी। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) ने याचिका दाखिल करते हुए राम रहीम को बार-बार हरियाणा सरकार द्वारा दी जा रही पैरोल के खिलाफ जनहित याचिका दाखिल की थी।
हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को आदेश दिया था कि अगली सुनवाई पर बताया जाए कि सरकार के पास कितने कैदियों को पैरोल और फरलो की अर्जियां आई हैं और उनमें से कितनों को पैरोल और फरलो दी गई है।
कोर्ट ने यह भी पूछा कि जिस केस में डेरा मुखी को सजा सुनाई गई है उसी अपराध के अन्य कितने दोषियों को आज तक कितनी बार पैरोल और फरलो दी गई है और कितनी अर्जियां अब तक पेंडिंग हैं। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि अब राम रहीम को अदालत की मंजूरी के बिना पैरोल नहीं दी जाएगी।
राम रहीम को कब-कब मिली पैरोल
- 19 जनवरी, 2024- 50 दिन की पैरोल
- नवंबर, 2023- 21 दिन की पैरोल
- 20 जुलाई 2023- 30 दिन की पैरोल
- 21 जनवरी 2023- 40 दिन की परोल
- 7 फरवरी, 2022- 21 दिन की पैरोल
- जून, 2022- एक महीने की पैरोल
- अक्टूबर, 2022- 40 दिन की पैरोल
- 21 मई, 2021- एक दिन की पैरोल
- 24 अक्टूबर, 2020- एक दिन की पैरोल