पंजाब में सियासी घमासान, AAP ने BJP पर लगाया सरकार गिराने का आरोप

अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायकों के साथ संपर्क कर सरकार गिराने की साजिश रची जा रही है।
पंजाब में सियासी घमासान, AAP ने BJP पर लगाया सरकार गिराने का आरोप
न्यूज डेस्क, दून हॉराइज़न, चंडीगढ़ (पंजाब)

आम आदमी पार्टी ने सोमवार को पंजाब में लोकसभा चुनाव कैंपेन का आगाज किया। मोहाली में आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने ''ससंद च वी भगवंत मान, खुशहाल पंजाब ते वधेगी शान'' (संसद में भी भगवंत मान, खुशहाल पंजाब की बढ़ेगी शान) का नारा दिया। सीएम ने नारे में उनका नाम आने पर अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद किया। 

केजरीवाल ने इस दौरान लोगों को पंजाब के लिए उन्हें 13-0 से जिताने की बात कही। इसके साथ ही आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायकों के साथ संपर्क कर सरकार गिराने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विधायकों ने उन्हें जानकारी दी है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के लोगों से आम आदमी पार्टी को राज्य की सभी 13 सीटें जीताने की अपील की और कहा कि जब राज्य के सभी सांसद हमारे होंगे तो केंद्र सरकार पंजाब का फंड नहीं रोक सकती। मान ने कहा कि मुझे केंद्र सरकार और राज्यपाल से अकेले लड़ना पड़ रहा है। अगर 13 सांसद जीत जाते हैं तो हमारे हाथ और हौसले मजबूत होंगे। 

16 मार्च 2022 से सरकार बनने के बाद कोई ऐसा दिन नहीं गुजरा कि हम लोगों के पास न गए हो। हमने 42000 से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी। बिजली मुफ्त किए। स्कूल ऑफ एमिनेंस और मोहल्ला क्लीनिक बनाए।

अग्निवीर वाले फौज जिन्हें केंद्र सरकार शहीद भी नहीं मानती, हम उनके शहीद परिवार को भी एक करोड़ रुपये दे रहे हैं। मान ने भाजपा और केंद्र सरकार भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा को पता है कि वह पंजाब में जीत नहीं सकती, इसलिए वह पंजाब से नफरत करती है। वे राज्यपाल के माध्यम से हमें तंग करने की कोशिश करते हैं। केंद्र सरकार पंजाब के करीब 8500 करोड़ रुपये के फंड रोक रखे हैं।
 

Share this story