भाजपा पर पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने बोला तीखा हमला, कहा - सुनील जाखड़ का झूठ सबके सामने आ गया

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने पंजाब के लोगों के साथ झूठ बोला है।
भाजपा पर पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने बोला तीखा हमला, कहा - सुनील जाखड़ का झूठ सबके सामने आ गया
न्यूज डेस्क, आरएनएस, चंडीगढ़ (पंजाब)

गणतंत्र दिवस के दौरान पंजाब की झांकी को लेकर जाखड़ के बयान पर सीएम भगवंत मान ने यह बयान दिया है।

भगवंत मान ने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब की भावना के खिलाफ काम कर रही है। पंजाब विरोधी भावना की वजह से प्रदेश की झांकी को रद्द किया गया। लेकिन सुनील जाखड़ खुद को राजा से भी ज्यादा वफाफादार दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार के फैसले को सही ठहराने की कोशिश की थी और इसके लिए जो तर्क उन्होंने दिया था वह भी निराधार निकला।

जाखड़ ने प्रदेश के लोगों को गुमराह किया है कि इसपर मुख्यमंत्री की तस्वीर है, लेकिन यह उनकी कोरी कल्पना थी। रक्षा मंत्रालय ने साफ किया है कि झांकी पर किसी भी तरह की कोई तस्वीर नहीं थी, ऐसे में जाखड़ का झूठ सबके सामने आ गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झांकी को प्रदेश सरकार की ओर से डिजाइन कराया गया था, जिसका लक्ष्य प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को दिखाना था। प्रदेश की परंपरा, संस्कृति के साथ यहां के लोगों ने देश के लिए जो कुर्बानी दी है उसे इस झांकी के जरिए दिखाया जाना था।

केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हए मुख्यमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड में प्रदेश की झांकी को इसलिए अनुमति नहीं दी गई क्योंकि मोदी सरकार पंजाब के लोगों की भावनाओं का सम्मान नहीं करती है।

Share this story