Google Wallet का झटका! इन Android वर्जन्स पर बंद हो रहा ऐप

दरअसल, गूगल ने Android 9.0 से पुराने वर्जन के लिए सिक्योरिटी अपडेट जारी करना बंद कर दिया है। सिक्योरिटी अपडेट के बिना, स्मार्टफोन के हैक होने का खतरा बढ़ जाता है।
Google Wallet का झटका! इन Android वर्जन्स पर बंद हो रहा ऐप
दून हॉराइज़न, नई दिल्ली

हाल ही में गूगल ने भारत में Google Wallet लॉन्च किया है। यह एक डिजिटल वॉलेट सर्विस है, जहां एक ही जगह पर आप अपने जरूरी डॉक्यूमेंट्स सुरक्षित तरह से रख सकते हैं। लेकिन सैकड़ों एंड्रॉयड फोन यूजर अब इसे यूज नहीं कर पाएंगे। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि Google पुराने Android वर्जन के लिए वॉलेट सपोर्ट समाप्त कर रहा है। 9टू5गूगल ने अपनी रिपोर्ट में इस बारे में जानकारी दी है।

रिपोर्ट के अनुसार, गूगल ने अपने सपोर्ट पेज को अपडेट किया है जिसमें कहा गया है कि गूगल वॉलेट (Google Wallet) को चलाने के लिए अब Android 9.0 या हायर वर्जन की जरूरत होगी। यानी सैकड़ों फोन्स में यह ऐप काम करना बंद करने वाला है।

इन एंड्रॉयड वर्जन में नहीं चलेगी गूगल वॉलेट

दरअसल, गूगल ने Android 9.0 से पुराने वर्जन के लिए सिक्योरिटी अपडेट जारी करना बंद कर दिया है। सिक्योरिटी अपडेट के बिना, स्मार्टफोन के हैक होने का खतरा बढ़ जाता है।

गूगल अपने सपोर्ट पेज पर लिखता है "वॉलेट के फीचर्स को अधिक सुरक्षित रखने में मदद करने के लिए, हमें आपके डिवाइस पर सिक्योरिटी अपडेट भेजने में सक्षम होना चाहिए। लेकिन 9.0 से नीचे के एंड्रॉयड ओएस वर्जन के लिए सिक्योरिटी अपडेट उपलब्ध नहीं हैं।

अगर आप भी पुराने एंड्रॉयड वर्जन पर फोन चला रहे हैं, तो तुरंत अपने फोन को एंड्रॉयड वर्जन अपडेट कर लीजिए या फिर नए फोन पर स्विच कर लीजिए।

भारत में कुछ दिन पहले ही लॉन्च हुआ है गूगल वॉलेट

गूगल वॉलेट एक सिक्योर और प्राइवेट डिजिटल वॉलेट है, जो यूजर्स को बोर्डिंग पास, टिकट और रोजमर्रा के जरूरी डॉक्यूमेंट्स तक आसानी से पहुंचने के लिए एक सिंगल और ऑर्गेनाइज्ड स्पेस प्रदान करता है। यह पहली बार 2022 में अमेरिका में शुरू हुआ। करीब दो साल के अंतराल के बाद, ऐप ने आखिरकार पिछले हफ्ते भारत में अपनी जगह बना ली।

हालांकि, भारत में, गूगल वॉलेट ऐप पेमेंट फीचर्स का सपोर्ट नहीं करता है। गूगल के अनुसार, गूगल वॉलेट ऐप भारत में गूगल पे ऐप का पूरक होगा - गूगल का मोबाइल पेमेंट ऐप, भारतीय यूजर्स की भुगतान आवश्यकताओं को पूरा करता रहेगा।

गूगल ने भारत में गूगल वॉलेट एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए 20 ब्रांड्स के साथ साझेदारी की है। इनमें पीवीआर और आईनॉक्स, एयर इंडिया, इंडिगो, फ्लिपकार्ट, पाइन लैब्स, कोच्चि मेट्रो, अभिबस और अन्य शामिल हैं।

इतने सारे काम आसान करता है गूगल वॉलेट

गूगल वॉलेट ऐप भारत में यूजर्स को मूवी/इवेंट टिकट सेव करने, बोर्डिंग पास सेव और एक्सेस करने, लॉयल्टी और गिफ्ट कार्ड रीडिम करने के साथ साथ लगैज टैग और पार्किंग रसीद जैसे फिजिकल डॉक्यूमेंट्स को डिजिटाइज करने की सुविधा देता है। इसके अलावा, भारत में गूगल वॉलेट यूजर ऐप में कॉर्पोरेट बैज को स्टोर और एक्सेस कर सकते हैं।

Share this story