Haridwar News Today 18th October 2022 : हरिद्वार की दिनभर की छोटी-बड़ी खबरें

गोविंदपुरी कालोनी में आए अजगर को वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू, जिलाध्यक्ष मनोनीत करने में भाजपा नेतृत्व को करनी पड़ रही कड़ी मशक्कत. आगे पढ़ें हरिद्वार की दिनभर की तमाम छोटी-बड़ी खबरें
Haridwar News Today 18th October 2022 : हरिद्वार की दिनभर की छोटी-बड़ी खबरें

हरिद्वार। वन्य जीवों के साथ सांप आदि रेंगने वाले जीवों के रिहाईशी इलाकों में आने की सिलसिला बढ़ता जा रहा है। बीते दिनों शहर के कई इलाकों में घरों में जहरीले सांप आने की घटनाएं हो चुकी हैं। वन विभाग के कर्मचारी शहरी क्षेत्र में निकलने वाले जहरीले सांपों को पकड़ कर जंगलों में छोड़ रहे हैं।

मंगलवार को मध्य हरिद्वार स्थित गोविंदपुरी कालोनी में खाली प्लाट में अजगर पहुंच गया है। कई फीट लंबे अजगर को रेंगते देख कालोनीवासियों ने वन विभाग को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की क्यूआरटी टीम ने अजगर को रेस्क्यू किया। बाद में अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया।

नौ और दस साल के भाई बहन को कंठस्थ हैं चारों वेद 

हरिद्वार। साधु संतों और धर्म की नगरी हरिद्वार में धर्म शास्त्रों के अनेक विद्वान निवास करते हैं। गंगा तटों और मंदिरों में मंत्र पाठ करते अनेक लोग आसानी से मिल जाएंगे। लेकिन कक्षा चार और पांच में पढ़ने वाले भाई बहन के धर्म शास्त्रों के ज्ञान को देखकर हर कोई अचंभित है। मधु विहार में रहने वाले गुरूकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में दर्शनशास्त्र के प्रोफेसर भारत वेदालंकार के नौ वर्षीय पुत्र देवांश और दस वर्षीय पुत्री दीप्ति को चारों वेद और भगवद् गीता सहित कई शास्त्र कंठस्थ हैं।

प्रोफेसर भारत वेदालंकार ने बताया कि उनकी पत्नि डा.प्रमिला संस्कृत व्याकरण में पीएचडी हैं। नौकरी करने के बजाए वे घर पर रहकर बच्चों को वैदिक शिक्षा दे रही हैं। डा.भारत ने कहा कि वह बच्चों को वैदिक शिक्षा देकर पूरी तरह भारतीयता और भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत करना चाहते हैं। जिससे अन्य अभिभावक भी प्रेरणा लें और बच्चों को पाश्चात्य संस्कृति से दूर कर भारतीय संस्कृति से जोड़ें।

पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव में बच्चे अपनी संस्कृति और संस्कारों से दूर हो जाते हैं। जिसका नतीजा होता है कि बच्चे एक दिन मां बाप से भी दूर हो जाते हैं। इसलिए वह और उनकी पत्नि बच्चों को वैदिक शिक्षा देने का प्रयास कर रहे हैं। नौ वर्षीय देवांश ने बताया कि वह प्रधानमंत्री बनकर देश को पूरी तरह वैदिक राष्ट्र बनाना चाहते हैं। दस वर्षीय दीप्ति ने कहा कि वह आईएएस बनकर देश सेवा करना चाहती है।  

जिलाध्यक्ष मनोनीत करने में भाजपा नेतृत्व को करनी पड़ रही कड़ी मशक्कत  

हरिद्वार। उत्तराखण्ड की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले हरिद्वार में जिलाध्यक्ष मनोनीत करने में भाजपा को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। राजनीतिक, आर्थिक, धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण 11 विधानसभा सीटों वाला हरिद्वार जनपद हमेशा ही सभी राजनीतिक दलों के लिए अहम रहा है। भारतीय जनता पार्टी को इस बार जनपद में जिलाध्यक्ष मनोनीत करने में कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है।

सूत्रों के अनुसार भाजपा के वरिष्ठ नेता आशुतोष शर्मा, ओमप्रकाश जमदग्नि, अनिल अरोड़ा, संदीप गोयल के नाम जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में तेजी से चल रहे है। राष्ट्रीय स्तर पर सभी जातियों को साधने में जुटी भाजपा जनपद हरिद्वार में जिलाध्यक्ष पद पर भी जातीय समीकरण का संतुलन बनाने प्रयास कर रही है।

जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल आशुतोष शर्मा और ओमप्रकाश जमदग्नि भाजपा ब्राह्मण समुदाय से आते हैं। जबकि संदीप गोयल वैश्य समाज और अनिल अरोड़ा पंजाबी समुदाय से हैं। तीर्थ नगरी हरिद्वार में ब्राह्मण समाज से शहरी विधायक मदन कौशिक, चौहान बिरादरी से रानीपुर विधायक आदेश चौहान और पंजाबी समाज से रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा हैं। किरण सिंह को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने जाट समाज को भी साधने का काम किया है तो वही दूसरी ओर सैनी समाज से कल्पना सैनी को राज्यसभा सांसद बनाकर सैनी समाज को सम्मानित किया है।

भाजपा अब जिलाध्यक्ष पद जातीय समीकरण को संतुलित कर अपनी रणनीति बनाने में जुटी हुई है। लकसर विधायक संजय गुप्ता के चुनाव हारने पर वैश्य समुदाय का पार्टी में बड़ी भूमिका देने पर यदि भाजपा विचार करती है तो अगला जिलाध्यक्ष वैश्य समुदाय से हो सकता है। इस संभावना को देखते हुए संदीप गोयल के अलावा वैश्य समाज से जुड़े कई अन्य नेता भी अपनी दावेदारी पेश करने में जुट गए हैं। राजनीति अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र हैं।

ऐसे में पार्टी व सामाजिक स्तर पर अत्यधिक सक्रिय प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डा.विशाल गर्ग भी जिलाध्यक्ष पद के दावेदार हो सकते हैं। राजनीति के साथ सामाजिक गतिविधियों के चलते समाज के सभी वर्गो में अच्छी पकड़ रखने वाले डा.विशाल गर्ग छुपे रूस्तम साबित हो सकते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर किसे बैठाती है। यह तो जिलाध्यक्ष मनोनीत होने के बाद ही पता चलेगा। दावेदारों के अलावा कार्यकर्ताओं की नजरे भी इस पर टिकी हुई हैं।

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी ने किया एक्सिस बैंक की कनखल शाखा का उद्घाटन  

हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी ने कनखल के दादूबाग क्षेत्र में स्थापित की गयी एक्सिस बैंक की कनखल शाखा का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान बैंक के सर्किल हेड रघुवीर सिंह चौहान, कल्सटर हेड मुकेश साहनी, ब्रांच हेड देवल शर्मा व बैंक कर्मचारियों ने श्रीमहंत रविन्द्रपुरी का स्वागत किया और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि अधिक से अधिक लोग बैंकिंग से जुड़ें। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए बैंकों से जुड़ना जरूरी है। कनखल में एक्सिस बैंक की शाखा खुलने से लोगों को बैंक सेवाओं का लाभ मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डिजिटल बैंकिंग, पेपरलैस बैंकिंग को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं। ऋण, एफडी, लॉकर आदि योजनाओं का लाभ लोगों को मिलेगा। बैंकों में जमा की सुरक्षा का लाभ भी ग्राहकों को मिलेगा।

हैलीकॉप्टर दुघर्टना पर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमंहत रविन्द्रपुरी ने जताया दुख 

हरिद्वार। केदारनाथ के गरूड़चट्टी क्षेत्र में हुई हैलीकॉप्टर दुघर्टना में सात लोगों की मौत पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से मृतकों की आत्मशांति तथा उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

मंगलवार को यात्रीयों को केदारनाथ से गुप्तकाशी ले जा रहे हैलीकॉप्टर के गरूड़चट्टी में क्रैश होने से पायलट व हैलीकॉप्टर में सवार छह यात्रीयों की मौत हो गयी थी। दुघर्टना पर दुख व्यक्त करते हुए श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि घटना बेहद दुखद है।

गंगा मैया व बाबा केदारनाथ मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करें तथा उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जानकारी मिलते ही तत्काल राहत कार्य शुरू कराए। जिसके लिए वे साधुवाद के पात्र हैं। चारधाम यात्रा व अन्य यात्राओं को सकुशल संपन्न कराने को लेकर भी सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही हैं।

अध्यात्म की शक्ति व्यक्ति को नकारात्मक व्यवहार करने से रोकती है-डा.शिवकुमार चौहान

हरिद्वार। अध्यात्म एवं सद्विचारों से युक्त व्यक्ति पर नकारात्मक व्यवहार कम प्रभावी होता है। अध्यात्म की शक्ति व्यक्ति को नकारात्मक व्यवहार करने से रोकती है। गुरूकुल कांगडी विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डा.शिवकुमार चौहान ने शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग मे संवाद कार्यक्रम के अवसर पर यह बात कही।

युवाओं के लिए मनोविज्ञान के रहस्य एवं सिद्वान्त पर संवाद करते हुये डा.चौहान ने कहा कि यथाकर्म यथाश्रुतमए यथाप्रज्ञा बहुत.सी चीजें शरीर के नाश के साथ ही चली जाती हैं। लेकिन आत्मा रहती है। मनुष्य का जैसा कर्म उसका ज्ञान और जैसी उसकी प्रज्ञा होती है. वैसा ही जन्म उसे मिलता है। नए जन्म में वह अपनी साधना आगे चलाता है।

इतना स्पष्ट होते हुए भी यदि मृत्यु के रहस्य को समझना हो तो उसके लिए व्यक्ति को अपनी स्वतन्त्र साधना करनी ही पड़ती है। जिसमे मनोविज्ञान के रहस्य एवं सिद्वान्त व्यक्ति के लिए मददगार होते है। उन्होने कहा कि मनोविज्ञान को जानना आज सभी लोगों के लिए आवश्यक बनता जा रहा है। जीवन की छोटी छोटी समस्यायें व्यक्ति की सोच एवं नैतिकता पर गहरा प्रभाव डालती है। जिस पर परामर्श एवं सहयोग के माध्यम से ही समाधान प्राप्त होता है।

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में हुआ जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों का शपथ ग्रहण 

हरिद्वार। जिला पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों ने मंगलवार को भल्ला कालेज स्पोर्टस स्टेडियम के मैदान पर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मौजूदगी में हुए शपथ ग्रहण समारोह में जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय ने जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष अमित कुमार को शपथ दिलायी।

जबकि नवनिर्वाचित सदस्यों को जिला पंचायत अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ने शपथ ग्रहण करायी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छह करोड़ की लागत से भगवानपुर के मुजाहिदपुर सतीवाला में बनाए गए प्लास्टिक वेस्ट रिसाइकिलिंग प्लाण्ट का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी नव-निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने हरिद्वार की जनता का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि पंचायत जन-प्रतिनिधियों की यह जीत हरिद्वार जिले में विकास के नए अध्याय की शुरुआत है। मुख्यमंत्री ने सभी निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यो एवं अन्य प्रतिनिधियों से जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि सीधे तौर पर सरकार एवं जनता के बीच में सेतु रुप में कार्य करते हैं तथा विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार हरिद्वार की आदर्श जनपद के रूप में पहचान बनाएगी। इसके लिए हरिद्वार में पर्यटन सुविधाओं के विकास तथा बुनियादी ढांचे एवं रोजगारपरक योजनाओं को संचालित करने पर ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार देश व विश्व का आध्यात्मिक केंद्र होने के साथ उद्योग नगरी भी है। हरिद्वार में लगे उद्योगों के माध्यम से लाखों लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। सरकार की यह विकास यात्रा सभी की सामूहिक यात्रा है। उन्होंने कहा सभी पंचायत प्रतिनिधि अपने क्षेत्र के विकास लिये मंथन करेंगे ताकि हरिद्वार एक आदर्श एवं सर्वश्रेष्ठ जनपद बन सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड लगातार आगे बढ़ रहा है।

पूरे देश में ट्रांसफार्म, रिफॉर्म एवं परफॉर्म की कार्य संस्कृति देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने पर केंद्रित हैं। उन्होंने कहा कि कोविड काल में दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान भारत में चलाया गया। भारत ने इस दौरान पड़ोसी देशों को भी वैक्सीन देने का काम किया तथा 20 करोड़ वैक्सीन विभिन्न देशों को उपलब्ध कराई।

गरीब कल्याण अन्न योजना का उल्लेख करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि करोड़ों परिवारों को इस योजना के तहत मुफ्त राशन वितरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की ओर अग्रसर हैं। हरिद्वार सांसद डा.रमेश पोखरियाल ’निशंक’ ने सभी प्रतिनिधियों के निर्विरोध चुने जाने पर इसे हरिद्वार जिले हेतु ऐतिहासिक बताया।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार जिले की यह ऐतिहासिक जीत  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों पर जनता द्वारा लगाई गई मोहर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी संपूर्ण राज्य में विकास की गंगा बहा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहां कि विकास की यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए वे कंधे से कंधा मिलाकर सभी के साथ हमेशा खड़े रहेंगे।

इस अवसर पर हरिद्वार विधायक मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, भाजपा जिला अध्यक्ष डा.जयपाल सिंह चौहान, जिला महामंत्री विकास तिवारी, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चौम्पियन, संजय गुप्ता, सुरेश राठौर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा.योगेन्द्र सिंह चौहान, अपर जिलाधिकारी बीर सिंह बुदियाल, एसडीएम पूरण सिंह राणा, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप ंसिंह सहित बड़ी संख्या में आमजन, जन-प्रतिनिधि तथा सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story