Uttarakhand News Bulletin-33 : भीमसिंहपुर में पेयजल संकट से जूझ रहे लोग, जानिए कोटद्वार की ऐसी ही तमाम छोटी बड़ी खबरें...

Uttarakhand News Bulletin-33 : People struggling with drinking water crisis in Bhimsinghpur, know all such small and big news of Kotdwar

Uttarakhand News Bulletin-33 : भीमसिंहपुर में पेयजल संकट से जूझ रहे लोग, जानिए कोटद्वार की ऐसी ही तमाम छोटी बड़ी खबरें...

कोटद्वार। मानसून की बारिश के बाद भी क्षेत्र को लोगों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि पिछले चार-पांच दिनों से लोग पेयजल के लिए परेशान हैं। पानी नहीं आने से लोगों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि पेयजल समस्या का समाधान नहीं होने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नगर निगम के वार्ड संख्या 34 भीमसिंहपुर निवासी पिछले चार पांच दिनों से पेयजल के लिए परेशान हैं। पेयजल के लिए उन्हें अन्य जगह भटकना पड़ रहा है। भीमसिंह पुर क्षेत्र को पेयजल सप्लाई करने वाले नलकूप के वाल्व में आई खराबी के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है।

स्थानीय निवासी ओम प्रकाश, राधेश्याम, रामस्वरूप, मीरा देवी और जयंती देवी आदि ने बताया कि पेयजल की सप्लाई न होने के कारण उनकी दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है। पेयजल व्यवस्था करने में ही उनका आधा समय बीत जा रहा है।

जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संतोष उपाध्याय ने बताया कि नलकूप के वाल्व में खराबी आई थी, जिसे ठीक कर दिया गया है। शीघ्र ही पेयजल आपूर्ति सुचारू हो जायेगी। पेयजल समस्या का समाधान करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

सकुशल लौटा यात्री दल

कोटद्वार। कांवड़ सेवा समिति के दिशा निर्देशन में यात्रियों का दल अमरनाथ में बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकुशल वापस कोटद्वार लौट आया है। दल में 79 यात्री शामिल थे। दल समिति अध्यक्ष पूरन चंद पुरी के नेतृत्व में 28 जून को कोटद्वार से अमरनाथ के लिए रवाना हुआ था।

दल नैना देवी, चिंतपूर्णी जी, ज्वाला जी, कांगड़ा, शेषनाग होते हुए अमरनाथ पहुंचा और बाबा बर्फानी के दर्शन कर हरिद्वार होते हुए वापस कोटद्वार पहुंचा, जहां समिति के सदस्यों ने दल का स्वागत किया। समिति की ओर से 7 अक्टूबर को भी श्री बद्रीनाथ, केदारनाथ व तुंगनाथ यात्रा पर भी यात्री दल को रवाना किया जायेगा।

इस अवसर पर वीरेंद्र नामदेव, सुरेश भाटिया, दिनेश बौंठियाल, राजू गोयल, दामोदर अग्रवाल, रजनीश उप्पल, जयप्रकाश वर्मा, नितिन गुप्ता और दीपक राजपूत आदि थे।

Share this story