Uttarakhand News Bulletin-38 : राहत राशि की किस्तें नहीं मिलने पर टैक्सी संचालकों में नाराजगी, जानिए ऋषिकेश की ऐसी ही तमाम छोटी बड़ी खबरें...


Uttarakhand News Bulletin-38 : Displeasure among taxi operators for not getting installments of relief amount, know all such small and big news of Rishikesh

Uttarakhand News Bulletin-38 : राहत राशि की किस्तें नहीं मिलने पर टैक्सी संचालकों में नाराजगी, जानिए ऋषिकेश की ऐसी ही तमाम छोटी बड़ी खबरें...

ऋषिकेश। प्रदेश सरकार द्वारा दी जाने वाली राहत राशि की किस्तें नहीं मिलने पर टैक्सी संचालकों ने नाराजगी जताई है। गढ़वाल मंडल टैक्सी चालक एवं मालिक एसोसिएशन से सरकार से जल्द राहत राशि की बची हुई चार किस्तें देने की मांग उठाई है।

शनिवार को गढ़वाल मंडल टैक्सी चालक एवं मालिक एसोसिएशन की बैठक हरिद्वार रोड स्थित कार्यालय में हुई। अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि कोरोनाकाल में आर्थिक बदहाली से त्रस्त टैक्सी संचालकों के उत्थान के लिए राज्य सरकार ने लगातार छह माह तक प्रतिमाह 2000 रुपये की धनराशि खाते में डालने की घोषणा की थी।

लेकिन उक्त धनराशि की मात्र दो किस्तों के बाद राहत राशि आनी बंद हो गई। शेष चार किस्तें अभी तक नहीं मिल पाई हैं। इसके चलते राज्य सरकार की विश्वसनीयता और मंशा पर सवाल खड़े हो गए हैं। कहा कि शीघ्र धनराशि टैक्सी संचालकों के खाते में डाली जाए, अन्यथा प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

मौके पर अमर सिंह, पूरण सिंह रावत, पुरुषोत्तम रतूड़ी, बलवीर सिंह नेगी, महावीर सिंह, राम कुमार चौहान, प्रेमचंद गोयल, लखपत सिंह, संदीप कुमार, संजय मानू, भीम सिंह, पशुपति गैरोला, दीपक शर्मा, किशोर रमोला आदि उपस्थित रहे।

छात्र-छात्राओं को नारी सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया, नारी के सशक्त होने से ही समाज की उन्नति होगी: कुसुम कंडवाल

ऋषिकेश। राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष ने छात्र-छात्राओं को नारी सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया। शनिवार को राइंका आईडीपीएल में उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल पहुंचीं। उन्होंने महिलाओं तथा नारी शक्ति पर हो रहे शोषण के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। कहा कि नारी सृष्टि की जननी है, इसका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यदि समाज में नारी सशक्त होगी, तो समाज उन्नति करेगा। प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह ने कहा कि शास्त्रों में भी नारी को सर्वोपरी माना गया है। इस दौरान विद्यालय परिसर में पौधे रोपे गए और सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस दौरान सहायक निदेशक डा. चंडीप्रसाद घिल्डियाल का स्वागत भी किया गया। मौके पर भाजपा वीरभद्र मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, पार्षद सुंदरी कंडवाल, पार्षद लक्ष्मी रावत, माया घलै, विमलेश शर्मा, विनिता बिष्ट, शशि सेमल्टी, पुनीता भंडारी , शशि राणा, गीता मित्तल, मधु शर्मा, गणेशी पयाल, आरपी भारद्वाज, पंकज सती, मनोज गुप्ता, एलएम जोशी, विजय पाल सिंह, श्याम सुंदर रयाल, हरेंद्र राणा, सुशील रावत, ज्योति किरण लोहनी, आरपी नौटियाल, ललित कुमार चौहान, पंकज सती आदि उपस्थित रहे।

Share this story