उत्तर प्रदेश, 19 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले (Bhadohi Crime News) के सुरियावां कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह एक ऐसी वारदात हुई जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। दानूपुर पूरबपट्टी गांव में एक सगे संबंधी ने ही रिश्तों को कलंकित करते हुए अपनी 3 साल की भतीजी आंचल की हत्या कर दी।
आरोपी चाचा रंजीत उर्फ नन्हें ने भांग के नशे में धुत होकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। घटना उस वक्त हुई जब बच्ची के माता-पिता काम पर गए थे और घर में सिर्फ दो मासूम बहनें मौजूद थीं।
चिप्स देने के बहाने मासूम का अपहरण
मजदूरी करने वाले राजू बिंद और उनकी पत्नी रीमा देवी रोज की तरह बृहस्पतिवार सुबह भी अपने काम पर निकल गए थे। घर पर उनकी 6 साल की बेटी रागिनी और 3 साल की छोटी बेटी आंचल अकेली खेल रही थीं। इसी दौरान उनका चचेरा चाचा रंजीत वहां पहुंचा और दोनों बच्चियों को चिप्स खिलाने का लालच देकर घर से बाहर बुलाया। रागिनी को जरा भी आभास नहीं था कि उसका चाचा उसकी छोटी बहन के लिए काल बनकर आया है।
बड़ी बहन की आंखों के सामने वारदात
आरोपी रंजीत ने छोटी बच्ची आंचल को अपनी गोद में उठाया और तेजी से गांव के बाहर की ओर चलने लगा। जब बड़ी बहन रागिनी ने पीछे भागते हुए पूछा कि ‘चाचा कहां जा रहे हो’, तो आरोपी ने कोई जवाब नहीं दिया। घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक कुएं के पास पहुंचकर आरोपी ने मासूम आंचल को बेरहमी से पानी में फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि मासूम ने पानी में डूबने से दम तोड़ दिया।




