Homemade Floor Cleaner : मौसम बदलने या बारिश के दिनों में अक्सर फर्श पर सीलन, चिपचिपाहट और छोटे-मोटे कीड़े-मकोड़ों की समस्या बढ़ जाती है।
बाजार के केमिकल वाले फ्लोर क्लीनर महंगे भी होते हैं और उनकी तेज गंध कई बार बच्चों व पालतू जानवरों के लिए सही नहीं होती।
आप अपनी रसोई में रखी कुछ बुनियादी चीजों से घर पर ही एक सुरक्षित, खुशबूदार और असरदार फ्लोर क्लीनर तैयार कर सकते हैं।
क्लीनर बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- कपूर: 2 से 3 टिकिया (बारीक पिसी हुई)
- बेकिंग सोडा: 2 बड़े चम्मच
- सफेद नमक: 3 चम्मच
- सफेद सिरका (विनेगर): 2 से 3 चम्मच
- नींबू का रस: 2 बड़े नींबू का
- पानी: 1 से डेढ़ गिलास
- एसेंशियल ऑयल: 5 से 6 बूंदें (नीलगिरी, लैवेंडर या लेमनग्रास)
बनाने का आसान तरीका
एक चौड़े बर्तन में डेढ़ गिलास पानी लें और उसमें पिसा हुआ कपूर अच्छी तरह मिला लें।
अब इस पानी में बेकिंग सोडा और सफेद नमक डालकर चम्मच से तब तक घोलें जब तक दोनों पूरी तरह घुल न जाएं।
इसके बाद घोल में नींबू का रस और सफेद सिरका डालें। सिरका डालते ही हल्का झाग बनेगा, जो कि सामान्य है।
तैयार लिक्विड को किसी खाली स्प्रे बोतल या साफ प्लास्टिक की बोतल में भर लें।

आखिर में अपनी पसंद का एसेंशियल ऑयल डालें और बोतल का ढक्कन बंद करके अच्छी तरह हिला लें।
इस्तेमाल करने का सही तरीका
रोजाना पोंछे के लिए: जब भी घर में पोंछा लगाएं, बाल्टी भर पानी में इस लिक्विड के 2 से 3 ढक्कन मिला लें।
जिद्दी दागों के लिए: अगर टाइल्स या किचन के फर्श पर तेल या चिकनाई के दाग हैं, तो इस घोल को सीधे दाग पर स्प्रे करें। 2 मिनट बाद गीले कपड़े या ब्रश से पोंछ लें।
यह लिक्विड इतना असरदार क्यों है?
कपूर और नमक: कपूर की महक से मक्खियां और कीड़े दूर रहते हैं, जबकि नमक फर्श को गहराई से साफ कर एंटी-बैक्टीरियल सुरक्षा देता है।

बेकिंग सोडा और सिरका: यह कॉम्बिनेशन टाइल्स के पीलेपन और चिकनाई को तुरंत काटने का काम करता है।
नींबू और एसेंशियल ऑयल: नींबू दाग साफ करने के साथ चमक बढ़ाता है और एसेंशियल ऑयल पूरे घर को भीनी खुशबू से भर देता है।









