UP Viral News : उत्तर प्रदेश के एक परिवार में चल रहा घरेलू कलह उस वक्त खौफनाक मंजर में तब्दील हो गया, जब एक शख्स ने मामूली बात पर अपनी जीवनसंगिनी की गला दबाकर हत्या कर दी।
पति को पत्नी का गुटखा खाना और मोबाइल पर बात करना इस कदर नागवार गुजरा कि उसने रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात को अंजाम दे डाला। घटना के पीछे की कड़वी हकीकत यह है कि आरोपी खुद शराब के नशे में डूबा रहता था, जबकि उसकी पत्नी दूसरों के घरों में काम करके चूल्हा जलाती थी।
अपनी जिम्मेदारियों से भागने वाला पति न केवल पत्नी की कमाई पर निर्भर था, बल्कि उस पर अवैध संबंधों का शक भी पाले बैठा था। मोबाइल के इस्तेमाल और बाहर काम पर जाने को लेकर दोनों के बीच अक्सर तीखी झड़पें होती थीं।
वारदात वाले दिन मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक मोड़ ले लिया। गुस्से में आपा खो बैठे पति ने पत्नी के ही दुपट्टे को फंदा बनाया और उसका गला तब तक घोंटा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं।
पत्नी की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी ने शव को कमरे में ही लॉक किया और वहां से नौ-दो ग्यारह हो गया। हैरानी की बात यह रही कि भागने के कुछ समय बाद आरोपी ने खुद अपने परिजनों को फोन घुमाया और ठंडे दिमाग से हत्या की बात कबूल की।
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में कातिल पति ने हत्या का कारण पत्नी का गुटखा खाना बताया है। हालांकि, अधिकारियों को यह दलील गले नहीं उतर रही है क्योंकि मामला सीधे तौर पर गहरे शक और बेवजह के विवादों से जुड़ा नजर आ रहा है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मृतका अपने पति की आए दिन की प्रताड़ना और ‘चिक-चिक’ से तंग आकर मायके चली गई थी। आरोपी ने तब पंचायत के सामने मिन्नतें की थीं और हाथ-पैर जोड़कर उसे वापस लाया था।
किसी ने सोचा भी नहीं था कि जिस पत्नी को वह इतनी गुजारिश के बाद घर लाया था, उसकी जिंदगी का अंत वह खुद अपने हाथों से करेगा। पुलिस ने फिलहाल आरोपी को दबोच लिया है और कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।












