Independence Day Kids Styling : 15 अगस्त का दिन बच्चों के लिए उत्साह और उमंग से भरा होता है। स्कूलों में प्रभात फेरी, झंडारोहण, नाटक और देशभक्ति गानों पर डांस जैसे कई कार्यक्रम होते हैं।
माता-पिता की कोशिश रहती है कि उनका बच्चा इस मौके पर सबसे सुंदर और अलग दिखे। खास बात यह है कि बच्चे को देशभक्ति के रंग में रंगने के लिए बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने या नए कपड़े खरीदने की जरूरत नहीं है।
थोड़ी सी समझदारी और घर में मौजूद चीजों से ही आप उन्हें बेहतरीन लुक दे सकते हैं।
तिरंगे के रंगों का सही तालमेल बनाएं
15 अगस्त की थीम के लिए केसरिया, सफेद और हरे रंग का कॉम्बिनेशन सबसे अच्छा रहता है।
लड़कों के लिए: सफेद कुर्ता-पायजामा हमेशा से सबसे पसंदीदा विकल्प है। इसके साथ कंधे पर छोटा सा तिरंगा स्टोल डाल सकते हैं या फिर केसरिया/हरे रंग की नेहरू जैकेट पहना सकते हैं।
लड़कियों के लिए: सफेद फ्रॉक, कुर्ती या स्कर्ट के साथ हरा दुपट्टा या केसरिया चुन्नी मैच की जा सकती है। यह देखने में सादा और बेहद प्यारा लगता है।
छोटी एक्सेसरीज से निखरेगा लुक
अगर आपके पास अलग से कोई खास ड्रेस नहीं है, तो साधारण कपड़ों को भी एक्सेसरीज के जरिए थीम बेस्ड बनाया जा सकता है।
हेयर स्टाइलिंग: लड़कियों के बालों में तिरंगे रंग के रिबन, क्लिप या ट्राइकलर हेयरबैंड लगाएं। दो चोटियों में बंधे तिरंगे रिबन स्कूल के हिसाब से काफी अच्छे लगते हैं।
हाथों के लिए: कलाई पर तिरंगा रिस्टबैंड या रबर बैंड पहना सकते हैं।
तिरंगा बैज: सीने पर बाईं तरफ लगा एक छोटा सा तिरंगा बैज बच्चे के लुक को पूरा कर देता है।
स्कूल ड्रेस पर ही दें देशभक्ति टच
अगर स्कूल में तय यूनिफॉर्म ही पहनकर जानी है, तब भी आप बच्चे को खास महसूस करा सकते हैं।
यूनिफॉर्म के साथ कलाई पर ट्राइकलर बैंड पहना दें या कॉलर के पास छोटा सा मेटल या फैब्रिक बैज लगा दें। इससे स्कूल के नियमों का पालन भी होगा और बच्चे में 15 अगस्त का जोश भी बना रहेगा।
कपड़े चुनते समय इन बातों का रखें ध्यान
स्कूल फंक्शन में बच्चों को कई घंटे धूप और भीड़ में बिताना पड़ता है। इसलिए स्टाइल के साथ उनके आराम का ध्यान रखना सबसे जरूरी है।
फैब्रिक: हमेशा सूती (कॉटन) कपड़े ही चुनें ताकि पसीने से बच्चे को परेशानी न हो।
फिटिंग: कपड़े बहुत ज्यादा तंग या बहुत ढीले न हों, जिससे बच्चे को दौड़ने-भागने और स्टेज पर परफॉर्म करने में दिक्कत न आए।
जूते-चप्पल: बच्चों को ऐसे फुटवियर पहनाएं जो आरामदायक हों और जिनमें वे आसानी से चल-फिर सकें।







