UIDAI : आधार कार्ड बनवाने या उसमें नाम, पता, जन्म तिथि और मोबाइल नंबर सुधरवाने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने की मजबूरी खत्म हो गई है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने देशभर के अपने आधार सेवा केंद्रों के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट व्यवस्था लागू की है।
ऑनलाइन स्लॉट बुक करके आने वाले नागरिकों को केंद्रों पर पहुंचते ही बिना किसी कतार के सीधे सेवा दी जा रही है। यह स्लॉट बुकिंग सुविधा पूरी तरह से निशुल्क है और देश के सभी यूआईडीएआई संचालित केंद्रों पर काम कर रही है।
अपॉइंटमेंट बुकिंग की प्रक्रिया बेहद आसान बनाई गई है। नागरिक अपनी सुविधा के हिसाब से किसी भी उपलब्ध तारीख और समय का चयन कर सकते हैं।

आधार से मोबाइल नंबर लिंक न होने की स्थिति में भी यह अपॉइंटमेंट लिया जा सकता है। प्राधिकरण के नियमों के मुताबिक कोई भी व्यक्ति एक महीने में अधिकतम दो अपॉइंटमेंट बुक करने का हकदार होगा।
इस व्यवस्था में केवल स्वयं के लिए ही नहीं बल्कि परिवार के किसी अन्य सदस्य के लिए भी स्लॉट बुक करने का विकल्प दिया गया है। केंद्र पर पहुंचने पर वॉक-इन आने वाले लोगों और ऑनलाइन बुकिंग वालों के लिए अलग-अलग काउंटर और टोकन व्यवस्था काम करती है।
देशभर के जिलों में चालू किए गए ये नए आधार सेवा केंद्र पूरी तरह वातानुकूलित हैं। बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए यहां व्हीलचेयर और अलग से विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
ये सभी केंद्र हफ्ते के सातों दिन लगातार काम करते हैं। सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक लोग इन केंद्रों पर जाकर सेवाएं ले सकते हैं।
कामकाज में किसी प्रकार की अड़चन न आए, इसके लिए हर केंद्र पर ऑपरेशन मैनेजर और सेंटर मैनेजर तैनात किए गए हैं। किसी भी शिकायत या सर्वर की समस्या का समाधान मौके पर ही किया जाता है।
आधार सेवा केंद्रों पर मिलने वाली सेवाओं की दरें भी पूरी तरह स्पष्ट कर दी गई हैं। नया आधार कार्ड बनवाने के लिए किसी भी नागरिक से कोई शुल्क नहीं लिया जाता।
बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पूरी तरह से मुफ्त रखे गए हैं। तय उम्र सीमा के बाहर के मामलों में बायोमेट्रिक बदलाव के लिए 125 रुपये का भुगतान करना होता है।
नाम, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी या लिंग जैसे डेमोग्राफिक विवरण में सुधार कराने पर 75 रुपये का तय शुल्क लागू होता है। भौतिक रूप से केंद्र जाकर दस्तावेज अपडेट कराने की फीस भी 75 रुपये ही रखी गई है।
ऑनलाइन माध्यम से माई आधार पोर्टल के जरिए खुद दस्तावेज अपडेट करने की सुविधा 14 जून 2027 तक पूरी तरह निशुल्क रखी गई है। केंद्र पर आधार कार्ड का रंगीन प्रिंटआउट निकलवाने के लिए 40 रुपये की राशि तय की गई है।














