Shikhar Dhawan Marriage : अपनी दूसरी शादी के बाद सुकून तलाश रहे शिखर धवन उस वक्त आगबबूला हो गए जब सोशल मीडिया पर उनके अतीत को लेकर झूठ का बाजार गर्म कर दिया गया।
वायरल दावों की उतरी धज्जियां
इंटरनेट पर पिछले कुछ दिनों से शिखर धवन के नाम से कई ऐसी पोस्ट वायरल हो रही थीं, जिनमें दावा किया जा रहा था कि उन्होंने अपनी पहली शादी और तलाक को लेकर विवादित टिप्पणी की है। इन पोस्ट्स में उनके और उनकी पूर्व पत्नी आयशा मुखर्जी के रिश्तों को लेकर मिर्च-मसाला लगाकर पेश किया गया था।
जैसे ही यह मामला धवन के संज्ञान में आया, उन्होंने इसे सिरे से खारिज करते हुए ‘X’ (ट्विटर) पर अपनी भड़ास निकाली। धवन ने साफ किया कि उन्होंने कभी भी अपने अतीत को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई नकारात्मक टिप्पणी नहीं की है और न ही वो ऐसा इरादा रखते हैं।
सकारात्मकता पर मुहर, विवादों को ‘नो बॉल’
धवन ने जिस तरह से जवाब दिया, उसने सबकी बोलती बंद कर दी। उन्होंने लिखा, “मैंने अपने निजी जीवन के बारे में कुछ बेहद निराशाजनक पोस्ट देखी हैं। मैं हमेशा से सकारात्मकता की ताकत में यकीन रखता आया हूं, चाहे वो क्रिकेट का मैदान हो या मेरी निजी जिंदगी।” धवन ने जोर देकर कहा कि वह अपने अतीत का सम्मान करते हैं और अब अपने जीवन के एक नए अध्याय में प्रवेश कर चुके हैं।

उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा कि लोग ‘क्लिकबेट’ और व्यूज के चक्कर में उनके नाम का इस्तेमाल करके गंदगी न फैलाएं। यह पहली बार नहीं है जब धवन ने मैच्योरिटी दिखाई हो; जोरावर की कस्टडी की लंबी कानूनी लड़ाई के दौरान भी उन्होंने संयम बनाए रखा था।
कौन हैं सोफी शाइन? धवन की नई ‘पार्टनर इन क्राइम’
धवन की नई जीवनसंगिनी सोफी शाइन महज एक चेहरा नहीं, बल्कि उनके बिजनेस साम्राज्य की रीढ़ हैं। आयरलैंड के लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मार्केटिंग की पढ़ाई करने वाली सोफी ‘डा वन स्पोर्ट्स’ की चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) हैं और शिखर धवन फाउंडेशन का पूरा कामकाज संभालती हैं। करीब डेढ़ साल के रिलेशनशिप के बाद दोनों ने पिछले महीने सगाई की और अब शादी के बंधन में बंध चुके हैं।

सोफी लंबे समय से भारत में ही रह रही हैं और धवन के प्रोफेशनल और पर्सनल विजन को बखूबी समझती हैं। धवन ने अपने चाहने वालों से अपील की है कि इस नए सफर में उन्हें सिर्फ प्यार और दुआएं दी जाएं, न कि विवादों में घसीटा जाए।









