हैदराबाद, 06 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)। क्रिकेट के मैदान पर अक्सर कड़क मिजाज दिखने वाले संजीव गोयनका सोमवार रात एक अलग ही रूप में नजर आए, जब उनकी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने सनराइजर्स हैदराबाद को रोमांचक मुकाबले में घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। जीत का चौका लगते ही स्टैंड्स में बैठे गोयनका खुद पर काबू नहीं रख सके और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
यह दृश्य इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले सीजन के कुछ वीडियो में उन्हें अपने तत्कालीन कप्तान और कोच पर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जाहिर करते देखा गया था। लेकिन IPL 2026 की इस पहली जीत ने गोयनका के भीतर छिपे एक भावुक क्रिकेट प्रेमी को सबके सामने ला दिया। मैच के आखिरी लम्हों में वे लगातार अपनी टीम की सफलता के लिए हाथ जोड़कर प्रार्थना करते दिखे।
मैदान की बात करें तो टॉस जीतकर लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने एक साहसी फैसला लिया और हैदराबाद को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पंत का तर्क था कि हैदराबाद की ताकत उनकी बैटिंग है, इसलिए वे उन्हें पहले चुनौती देना चाहते थे। मोहम्मद शमी की अगुवाई में लखनऊ के गेंदबाजों ने इस भरोसे को सही साबित किया और सनराइजर्स के पावर हाउस बैटिंग ऑर्डर को तहस-हस कर दिया।
हैदराबाद की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर महज 156 रन ही बना सकी। शमी की आग उगलती गेंदों का मेजबान बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन कप्तान ऋषभ पंत ने 68 रनों की कप्तानी पारी खेलकर मैच का रुख अपनी ओर मोड़ लिया।
मध्यक्रम में एडेन मारक्रम ने 45 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे लखनऊ ने 19.5 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही लखनऊ सुपर जायंट्स ने अंक तालिका में अपना खाता खोल लिया है और वे 2 मैचों में 2 अंकों के साथ सातवें पायदान पर पहुंच गए हैं। दिल्ली के खिलाफ मिली शुरुआती हार के बाद यह वापसी टीम के मनोबल के लिए टॉनिक का काम करेगी।










