देहरादून (23 अक्टूबर) : उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ शिकंजा कसते हुए देहरादून पुलिस ने उनके विदेश भागने की आशंका पर लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है। कैंट थाने में दर्ज मुकदमे के बाद से फरार चल रहे साहू के नेपाल में पनाह लेने की सूचना पर पुलिस ने सीमावर्ती सुरक्षा एजेंसियों और तकनीकी तंत्र को सक्रिय किया है।
नेपाल भागने की आशंका पर लुक आउट सर्कुलर तैयारी
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल के मुताबिक मामले को लेकर पुलिस बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरधारी लाल साहू की कॉल डिटेल, मोबाइल की आखिरी लोकेशन और सर्विलांस से मिले इनपुट के आधार पर नेपाल पुलिस और सीमाई सुरक्षा तंत्र से संपर्क साधा गया है। जांच टीम का मुख्य मकसद आरोपी की सही लोकेशन ट्रेस कर उसे जांच में शामिल कराना है, ताकि कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।
फर्जी हस्ताक्षर और करोड़ों की संपत्ति का गहराया विवाद
विवाद की शुरुआत 15 अक्टूबर को हुई, जब कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। तहरीर में मारपीट, उत्पीड़न, जान से मारने की साजिश, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के साथ-साथ कंपनी दस्तावेजों में कथित फर्जी हस्ताक्षर कर निदेशक पद से हटाने का आरोप लगाया गया। वहीं, दूसरी ओर गिरधारी लाल साहू ने भी मंत्री पर 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति अर्जित करने का जवाबी आरोप लगाकर मामले को सियासी रूप से संवेदनशील बना दिया है।
बरेली पहुंची एसआईटी ने खंगाले पुराने मुकदमे दस्तावेज
प्रकरण की गहराई से जांच के लिए एसपी देहात जया बलूनी की अगुवाई में विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई है। जांच का दायरा बढ़ाते हुए एसआईटी उत्तर प्रदेश के बरेली पहुंची, जहां साहू के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने वहां से पुरानी कंपनियों के रिकॉर्ड और पूर्व मुकदमों से जुड़े कागजात कब्जे में लिए हैं। पुलिस का कहना है कि संपत्तियों और कंपनी दस्तावेजों के फॉरेंसिक परीक्षण के साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी रहेगी।




