चीन के दक्षिण-पश्चिम इलाके से एक ऐसा चौंकाने वाला (Lingerie Controversy) सामने आया है, जहां शादी की खुशियां पल भर में मातम और कानूनी लड़ाई में बदल गईं, क्योंकि दूल्हा अपनी नई नवेली दुल्हन के लिए सही साइज के अंतःवस्त्र (Lingerie) नहीं ला सका।
दक्षिण-पश्चिम चीन के गुइझाउ प्रांत में रहने वाले लुओ और यांग ने हाल ही में आपसी रजामंदी और बड़े अरमानों के साथ शादी की थी। वैवाहिक रस्मों के संपन्न होने के बाद परिवार और दोस्तों के लिए एक शानदार रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया गया था।
हंसी-खुशी के माहौल के बीच अचानक कुछ ऐसा हुआ कि दुल्हन यांग ने पूरी पार्टी की लाइटें बंद कर दीं और सबके सामने चिल्लाते हुए पति लुओ से तलाक की मांग कर डाली। वहां मौजूद मेहमानों को कुछ पलों के लिए समझ ही नहीं आया कि आखिर माजरा क्या है।
बाद में जब यांग का गुस्सा थोड़ा शांत हुआ, तब इस हंगामे के पीछे की ‘अजीब’ वजह सामने आई। दुल्हन ने बताया कि शादी के तोहफे के तौर पर लुओ ने उसे जो ब्रा गिफ्ट की थी, उसका साइज काफी छोटा था।
यांग के मुताबिक, उसके पति को उसका सही साइज पता था, फिर भी जानबूझकर उसे छोटे साइज की ब्रा दी गई। दुल्हन ने इसे उपहार नहीं बल्कि अपनी गरिमा पर प्रहार और अपमानजनक व्यवहार करार दिया।
यांग का तर्क है कि यदि शादी के शुरुआती दिनों में ही पति उसकी बुनियादी जरूरतों और शारीरिक बनावट का ख्याल नहीं रख सकता, तो भविष्य में वह उसका साथ कैसे निभाएगा।
यांग ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह सिर्फ एक कपड़ों के साइज का मामला नहीं है, बल्कि यह पति की लापरवाही और संवेदनहीनता का प्रतीक है। इस मामले में लड़की के माता-पिता भी पूरी तरह अपनी बेटी के साथ खड़े नजर आए।
उन्होंने न केवल शादी तोड़ने की बात का समर्थन किया, बल्कि दूल्हे के परिवार द्वारा दी जाने वाली अगली पार्टी में जाने से भी साफ इनकार कर दिया।
दूसरी ओर, आरोपी पति लुओ ने अपना बचाव करते हुए कहा कि वह जानबूझकर ऐसा नहीं करना चाहता था। उसने दलील दी कि दुकान से खरीदारी के दौरान उससे गलती हो गई और वह भूलवश दो साइज छोटी ब्रा ले आया।

लुओ का कहना है कि यह एक मामूली सी भूल है जिसे बातचीत से सुलझाया जा सकता था, लेकिन लड़की के परिवार ने इसे तिल का ताड़ बना दिया।
फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां नेटिजन्स दो गुटों में बंटे नजर आ रहे हैं, हालांकि अधिकतर लोग दुल्हन के आत्मसम्मान की बात का समर्थन कर रहे हैं।













