Basket Chaat Recipe : शाम होते ही अक्सर कुछ हल्का और चटपटा खाने की इच्छा होती है। ऐसे में हम आमतौर पर बाहर से समोसे, कचौड़ी या पकौड़े मंगा लेते हैं। लेकिन रोज-रोज एक ही तरह का नाश्ता बोरिंग हो सकता है।
अगर आप अपने शाम के नाश्ते में कुछ नयापन लाना चाहते हैं, तो ‘बास्केट चाट’ (Basket Chaat) एक बेहतरीन विकल्प है। यह चाट स्वाद में जितनी लाजवाब होती है, इसे घर पर बनाना उतना ही आसान है।
ठेले पर मिलने वाली खट्टी-मीठी और क्रिस्पी बास्केट चाट अब आप अपनी रसोई में भी आसानी से तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी पूरी रेसिपी।
बास्केट चाट बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- बास्केट (कटोरी) के लिए:
- मैदा – 2 कप
- तेल – 1 बड़ा चम्मच (मोयन के लिए)
- नमक – स्वादानुसार
- पानी – आटा गूंधने के लिए
- तेल – तलने के लिए
- चाट की फिलिंग के लिए:
- उबले और मैश किए हुए आलू – 2 कप
- उबले हुए काबुली चने – 1 कप
- फेंटी हुई दही – 1 कप
- इमली की मीठी चटनी – जरूरत के अनुसार
- हरी या पुदीने की चटनी – जरूरत के अनुसार
- भुना जीरा पाउडर – 1 चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1 चम्मच
- काली मिर्च – एक चौथाई चम्मच
- बारीक नायलॉन सेव – आधा कप
- हरा धनिया – सजावट के लिए
- नमक – स्वादानुसार
क्रिस्पी बास्केट (कटोरी) बनाने का तरीका
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा, थोड़ा सा नमक और एक चम्मच तेल डालकर अच्छे से मिला लें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए इसका मुलायम आटा गूंध लें।
गुंधे हुए आटे को करीब 20 से 30 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि यह अच्छे से सेट हो जाए।
आटा सेट होने के बाद इसकी छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें। एक लोई को पूरी की तरह पतला बेल लें।
अब घर की कोई छोटी स्टील की कटोरी लें। बेली हुई पूरी को कटोरी के बाहरी हिस्से पर लपेट दें और किनारों को हल्का दबाते हुए बास्केट का आकार दें।
कड़ाही में तेल गर्म करें और इस कटोरी को मैदे के हिस्से के साथ ही सावधानी से तेल में डाल दें। जब मैदा हल्का सिंकने लगे, तो स्टील की कटोरी खुद ही ढीली होकर अलग होने लगेगी।
उसे चिमटे की मदद से निकाल लें और मैदे की बास्केट को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें। तैयार बास्केट को टिश्यू पेपर पर निकाल लें।
ऐसे तैयार करें चटपटी चाट
एक बाउल में उबले आलू, काबुली चने, भुना जीरा, लाल मिर्च, काली मिर्च और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।
अब तैयार की गई क्रिस्पी बास्केट लें। इसमें आलू और चने का चटपटा मिश्रण भरें। इसके ऊपर ठंडी दही, इमली की खट्टी-मीठी चटनी और पुदीने की तीखी चटनी डालें।
आखिर में बारीक सेव और ताजे हरे धनिये से सजाकर इसे तुरंत सर्व करें।
कुछ खास टिप्स
बास्केट तलते समय ध्यान रखें कि आंच मध्यम हो, ताकि यह अंदर तक क्रिस्पी बने। आप चाहें तो रोटी बेलने के बाद उस पर कांटे (Fork) से छोटे-छोटे छेद कर सकते हैं। इससे बास्केट तेल में जाकर पूरी की तरह फूलेगी नहीं और ज्यादा कुरकुरी बनेगी।












