रोहतास। बिहार के रोहतास जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने सरेआम सड़क पर एक युवती की मांग में सिंदूर भर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो (Bihar Viral Video) पास के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। बिहार में बीच सड़क पर शादी (Roadside Marriage in Bihar) के इस कथित मामले ने इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
यह मामला तिलौथू थाना क्षेत्र के न्यू एरिया मोहल्ले का बताया जा रहा है। वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि युवती एक युवक के साथ बाइक पर सवार होकर गली में पहुंचती है। दोनों बाइक खड़ी कर कुछ देर तक सामान्य बातचीत करते हैं और इसी बीच युवक जेब से सिंदूर निकालकर अचानक युवती की मांग में भर देता है।
बिना किसी विरोध के साथ निकले दोनों
घटनाक्रम की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सिंदूर भरने के बाद युवती ने कोई विरोध नहीं जताया। वह शांति से दोबारा बाइक पर बैठी और दोनों वहां से साथ चले गए। इस व्यवहार को देखकर स्थानीय लोग इसे प्रेम प्रसंग का मामला मान रहे हैं, हालांकि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हरकत को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। तिलौथू थाने की पुलिस अधिकारी वंदना मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के जरिए उन्हें इस घटना की जानकारी मिली है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारी वंदना मिश्रा के अनुसार, फिलहाल किसी भी पक्ष यानी न तो युवती और न ही युवक के परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत मिली है। उन्होंने बताया कि देखने में यह दोनों का निजी मामला लग रहा है, लेकिन अगर कोई शिकायत आती है तो पुलिस कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
सामाजिक मर्यादा और कानूनी पेच
कानूनी जानकारों का मानना है कि भारत में विवाह की एक तय प्रक्रिया है और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं कानूनी विवाद का कारण बन सकती हैं। यदि इस पूरी प्रक्रिया में किसी भी पक्ष की सहमति नहीं होती, तो यह मामला जबरन विवाह के प्रयास या उत्पीड़न की श्रेणी में आ सकता था। फिलहाल, यह वीडियो रोहतास समेत पूरे बिहार में चर्चा का विषय बना हुआ है।











