home ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम मनोरंजन बिजनेस ऑटो गैजेट्स खेल हेल्थ लाइफस्टाइल धर्म राशिफल लव राशिफल अंक राशिफल पंचांग करियर ट्रेंडिंग वीडियो

खजान दास की नाराजगी के बाद विभाग ने तेज की प्रक्रिया, दो कोठियों को जोड़कर तैयार होगा बंगला

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री खजान दास की नाराजगी के बाद राज्य संपत्ति विभाग ने उनके लिए यमुना कॉलोनी में R1 और R2 कोठियों को मिलाकर एक बड़ा आवास आवंटित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। इससे पहले आवास आवंटन में देरी और वरिष्ठता की अनदेखी को लेकर मंत्री ने अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया था।

खजान दास की नाराजगी के बाद विभाग ने तेज की प्रक्रिया, दो कोठियों को जोड़कर तैयार होगा मंत्री खजान दास का बंगला

HIGHLIGHTS

  • यमुना कॉलोनी स्थित R1 और R2 कोठियों को जोड़कर समाज कल्याण मंत्री का नया सरकारी निवास तैयार होगा।
  • ये कोठियां पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को उनके कार्यकाल के दौरान आवंटित रही हैं।
  • शपथ ग्रहण में वरिष्ठता के बावजूद आवास आवंटन में पिछड़ने पर मंत्री खजान दास ने विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई थी।

देहरादून, 07 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री खजान दास के सरकारी आवास को लेकर चल रहा लंबा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। राज्य संपत्ति विभाग ने यमुना कॉलोनी स्थित ‘R1’ और ‘R2’ कोठियों को मिलाकर मंत्री का नया निवास तैयार करने का प्रस्ताव अंतिम चरण में पहुंचा दिया है। सचिवालय गलियारों में ‘नागलोक’ के नाम से चर्चित राज्य संपत्ति विभाग की फाइलों से आखिरकार मंत्री जी के आवास की मंजूरी बाहर आ गई है।

वरिष्ठता और आवास को लेकर थी नाराजगी

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने हाल ही में सरकारी आवास आवंटन में हो रही देरी को लेकर अधिकारियों की कड़ी क्लास ली थी। दरअसल, वर्तमान मंत्रिमंडल में शपथ ग्रहण के दौरान खजान दास ने सबसे पहले शपथ ली थी।

वरिष्ठता के आधार पर उन्हें बड़े बंगले की उम्मीद थी, लेकिन आधिकारिक आवंटन से पहले ही अन्य मंत्रियों ने बड़े आवासों पर अपनी नेम प्लेट लगाकर उन्हें रिजर्व कर लिया था। इस ‘घेरेबंदी’ के चलते खजान दास को मनमुताबिक आवास नहीं मिल पा रहा था, जिस पर उन्होंने सार्वजनिक रूप से विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की थी।

पूर्व मुख्यमंत्री का रहा है यह ठिकाना

मंत्री के गुस्से को शांत करने के लिए राज्य संपत्ति विभाग ने अब बीच का रास्ता निकाला है। यमुना कॉलोनी की जिन दो कोठियों (R1 और R2) को खजान दास के लिए तैयार किया जा रहा है, वे पूर्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे बी.सी. खंडूड़ी के पास रही थीं। पूर्व सीएम के तौर पर उन्हें ये दोनों कोठियां आवंटित की गई थीं, जिन्हें बाद के वर्षों में अलग-अलग आवंटित कर दिया गया था। अब इन दोनों को दोबारा जोड़कर कैबिनेट मंत्री के स्तर का बनाया जा रहा है।

निजी कोठी की तलाश हुई थी विफल

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सरकारी आवास न मिल पाने की स्थिति में बीच में देहरादून में एक बड़ी निजी कोठी की भी तलाश की गई थी। हालांकि, कहीं बात न बनने पर दोबारा राज्य संपत्ति विभाग के पास मौजूद विकल्पों पर विचार हुआ। फिलहाल विभाग के सचिव आर. राजेश कुमार ने पुष्टि की है कि आवास आवंटन की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही इसका विधिवत आदेश जारी कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मंत्रियों के स्तर के अनुरूप आवासों की मरम्मत का काम भी युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।


देश और दुनिया की ताज़ा ख़बरों (Latest Hindi News) के लिए जुड़े रहें Doon Horizon के साथ। राजनीति (Politics), खेल, मनोरंजन, टेक्नोलॉजी और एजुकेशन से जुड़े हर लाइव अपडेट (Live Updates) और ब्रेकिंग न्यूज़ (Breaking News in Hindi) सबसे पहले पाएं। पढ़िए आपके काम की हर बड़ी खबर, सिर्फ एक क्लिक पर।


Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment