Amit Shah Uttarakhand Visit : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने उत्तराखंड राज्य के विकास के लिए 1129.91 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री ने 1014.81 करोड़ रुपये की लागत वाली 22 योजनाओं की आधारशिला रखी और 115.10 करोड़ रुपये की 17 योजनाओं का उद्घाटन किया। इन योजनाओं का सीधा लाभ पुलिस विभाग, सहकारिता, आपदा प्रबंधन और कारागार प्रशासन को मिलेगा।
ज्योतिर्मठ भू-स्खलन प्रभावित क्षेत्र के लिए ₹516 करोड़ आवंटित
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के अंतर्गत विश्व बैंक (World Bank) पोषित योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। जनपद चमोली के ज्योतिर्मठ (Jyotirmath) नगर क्षेत्र में भू-स्खलन प्रभावित क्षेत्र के स्लोप स्टेबलाइजेशन (Slope Stabilization) के लिए 516.98 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास किया गया। इसके अतिरिक्त ज्योतिर्मठ में ड्रेनेज संबंधित कार्यों के लिए 82.37 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। चमोली और अल्मोड़ा जनपदों में नदियों पर मोटर सेतुओं के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

पुलिस और होमगार्ड्स के लिए आवासीय बुनियादी ढांचे का विस्तार
गृह मंत्री ने पुलिस लाइन देहरादून (Dehradun) में 155.45 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 360 टाइप-2 आवासों का शिलान्यास किया। इसके अलावा पुलिस लाइन देहरादून में निर्मित 46 आवासीय भवनों और विभिन्न थानों जैसे लक्ष्मणझूला, लैंसडाउन और धरासू में निर्मित 18 आवासों का लोकार्पण किया गया। गृह विभाग के अंतर्गत टिहरी, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और बागेश्वर जनपदों में भी पुलिस कर्मियों के लिए नए आवासीय भवनों की सुविधा प्रदान की गई है।

हरिद्वार गंगा कॉरिडोर और सहकारिता विभाग की नई पहल
हरिद्वार (Haridwar) में गंगा कॉरिडोर परियोजना के तहत रोड़ीबेलवाला क्षेत्र के पुनरोद्धार और सती कुण्ड पुनर्विकास के लिए कुल 103.59 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया गया। सहकारिता विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना (Mukhyamantri Ghasyari Kalyan Yojana) के तहत ₹14 करोड़ की लागत से TMR प्लांट का लोकार्पण हुआ।
साथ ही, उत्तराखंड की विभिन्न जेलों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए हाई सिक्योरिटी बैरक और वीसी (Video Conferencing) क्यूबिकल्स का उद्घाटन किया गया।












