home ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम मनोरंजन बिजनेस ऑटो गैजेट्स खेल हेल्थ लाइफस्टाइल धर्म राशिफल लव राशिफल अंक राशिफल पंचांग करियर ट्रेंडिंग वीडियो

देहरादून में एलपीजी कालाबाजारी पर कोहराम, DM की QRT टीम ने 87 ठिकानों पर बोला धावा

देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और होम डिलीवरी में लापरवाही रोकने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल ने क्यूआरटी टीमों को मैदान में उतारा है। इस बड़े एक्शन के दौरान जिले में अब तक 6 मुकदमे दर्ज किए गए हैं और सैकड़ों घरेलू व व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

देहरादून में एलपीजी कालाबाजारी पर कोहराम, DM की QRT टीम ने 87 ठिकानों पर बोला धावा

HIGHLIGHTS

  • 7 गैस एजेंसियों और 87 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की अचानक छापेमारी।
  • जिले में अब तक 210 घरेलू, 139 व्यावसायिक और 13 छोटे सिलेंडर किए गए जब्त।
  • उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए 7534826066 व्हाट्सएप नंबर और 1077 हेल्पलाइन जारी।

देहरादून। राजधानी में एलपीजी गैस की कालाबाजारी करने वालों और होम डिलीवरी में आनाकानी करने वाली गैस एजेंसियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने युद्धस्तर पर अभियान छेड़ दिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के कड़े रुख के बाद जिले में गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने एक साथ 7 गैस एजेंसियों और 87 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की।

इस कार्रवाई से गैस की अवैध रीफिलिंग और घरेलू सिलेंडरों का कमर्शियल इस्तेमाल करने वाले सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।

प्रशासन की इस कार्रवाई में अनियमितता पाए जाने पर तत्काल 5 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए और संबंधित केंद्रों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनता के हिस्से की सस्ती गैस को ऊंचे दामों पर होटल या ढाबों में बेचने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अब तक की गई कार्रवाई में जिले के विभिन्न थानों में 6 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जो शासन की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाता है।

आंकड़ों की बात करें तो इस विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने अब तक कुल 210 घरेलू, 139 व्यावसायिक और 13 छोटे गैस सिलेंडर अपने कब्जे में लिए हैं। जिलाधिकारी ने खाद्य आपूर्ति विभाग को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्रवार निरीक्षण की गति कम नहीं होनी चाहिए। जिले में 100 प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है ताकि बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को गैस एजेंसी के चक्कर न काटने पड़ें।

गैस आपूर्ति की वास्तविक स्थिति को पारदर्शी बनाने के लिए कंट्रोल रूम डेटा भी साझा किया गया है। शनिवार को जिले में 17,327 घरेलू और 529 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को सिलेंडर की सफल आपूर्ति की गई। वर्तमान में देहरादून में 31,684 घरेलू और 2,291 व्यावसायिक सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए प्रशासन व्यावसायिक लोड को भी लगातार बढ़ा रहा है ताकि बाजार की मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बना रहे।

आम जनता की सहूलियत के लिए जिला प्रशासन ने शिकायत तंत्र को बेहद सक्रिय कर दिया है। एलपीजी आपूर्ति, घटतौली या सिलेंडर की अनुपलब्धता से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1077 और 0135-2626066 पर संपर्क कर सकते हैं।

इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, जिस पर खाद्य आपूर्ति विभाग तत्काल एक्शन ले रहा है। शनिवार को ही इन माध्यमों से प्राप्त 29 शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया।


देश और दुनिया की ताज़ा ख़बरों (Latest Hindi News) के लिए जुड़े रहें Doon Horizon के साथ। राजनीति (Politics), खेल, मनोरंजन, टेक्नोलॉजी और एजुकेशन से जुड़े हर लाइव अपडेट (Live Updates) और ब्रेकिंग न्यूज़ (Breaking News in Hindi) सबसे पहले पाएं। पढ़िए आपके काम की हर बड़ी खबर, सिर्फ एक क्लिक पर।


Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment