Tehri Lake Festival: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने शुक्रवार को टिहरी झील के किनारे आयोजित ‘हिमालयन 0.2 द टिहरी लेक फेस्टिवल’ का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य टिहरी को वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करना है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कोटी कालोनी-नई टिहरी रोपवे के निर्माण की आधिकारिक घोषणा की। इस महोत्सव में देश-विदेश के खिलाड़ी और पर्यटक हिस्सा ले रहे हैं।
कोटी-डोबरा पर्यटन मार्ग का शिलान्यास
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने कोटी-डोबरा पर्यटन मार्ग का वर्चुअल शिलान्यास किया। इस परियोजना की कुल लागत 318 करोड़ रुपये है और यह Asian Development Bank (ADB) द्वारा वित्त पोषित है। लगभग 15 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के बनने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बताया कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण और तिमाड़ गांव को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करने जैसी 1300 करोड़ रुपये की योजनाओं पर काम गतिमान है।
साहसिक खेलों के लिए ग्लोबल हब बनेगी टिहरी झील
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील में कयाकिंग, कैनोइंग, जेट-स्की, पैरा-सेलिंग और स्कूबा डाइविंग जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। वर्तमान में 400 से अधिक युवा यहां पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

सरकार का प्रयास है कि इन आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर पैदा हों। उन्होंने आदि कैलाश में आयोजित हाई-एल्टीट्यूड मैराथन और Asian Open Short Track Speed Skating Trophy जैसे बड़े आयोजनों का भी जिक्र किया।
9 मार्च तक आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
यह महोत्सव 9 मार्च तक चलेगा, जिसमें साहसिक खेलों के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद देवडोलियों से आशीर्वाद लिया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल (Subodh Uniyal), सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह (Mala Rajya Laxmi Shah) और विधायक किशोर उपाध्याय (Kishore Upadhyay) समेत प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पर्यावरण संरक्षण के लिए जिले के सभी ब्लॉक में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के तहत कॉम्पेक्टर केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।












