UGC New Rules Protest : उत्तराखंड ब्राह्मण समाज महासंघ (Uttarakhand Brahman Samaj Mahasangh) ने शनिवार, 7 मार्च 2026 को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के प्रस्तावित ड्राफ्ट रेगुलेशन के विरोध में प्रदर्शन किया। महासंघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में नायब तहसीलदार सदर सुरेश सेमवाल (Suresh Semwal) से मुलाकात की।
इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) को संबोधित एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा गया। जिला प्रशासन के प्रतिनिधि ने आश्वस्त किया कि यह मांग पत्र शीघ्र ही केंद्र सरकार तक पहुंचा दिया जाएगा।
उच्च शिक्षा में भेदभाव का आरोप
महासंघ के अध्यक्ष पंडित रामप्रसाद गौतम (Ramprasad Gautam) ने प्रस्तावित नियमों की आलोचना करते हुए इन्हें देश की उच्च शिक्षा व्यवस्था के लिए हानिकारक बताया। उन्होंने कहा कि UGC द्वारा तैयार किया गया वर्तमान ड्राफ्ट रेगुलेशन गहरा सामाजिक असंतुलन पैदा करने वाला है।
महासंघ के अनुसार, ये नियम अपने वर्तमान स्वरूप में पूरी तरह से एकपक्षीय हैं। देश के सामाजिक ताने-बाने को सुरक्षित रखने के लिए इस प्रस्तावित कानून को वापस लेना आवश्यक है।
संवैधानिक अधिकारों पर संकट

महासचिव डॉ. वी.डी. शर्मा (V.D. Sharma) ने कहा कि भारत का संविधान समानता और सामाजिक न्याय की नींव पर टिका है। उन्होंने तर्क दिया कि शिक्षा संबंधी किसी भी निर्णय समिति का स्वरूप संतुलित और समावेशी होना चाहिए। महासंघ का आरोप है कि इस प्रस्तावित नियम में एक ही वर्ग विशेष का वर्चस्व है, जो सवर्ण छात्रों के अधिकारों और विश्वास को प्रभावित करता है।
इस अवसर पर पंडित सिद्ध नाथ उपाध्याय (Siddh Nath Upadhyay) और पंडित रामप्रसाद उपाध्याय (Ramprasad Upadhyay) सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।











